बक्सर : स्टेशन परिसर से रविवार को दो लोगों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. देखते-ही-देखते लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गयी. जीआरपी पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की, जिसके बाद एक की पहचान यूपी के चंदौली जिला के कंदवा थाना अंतर्गत करकसिया गांव निवासी महेंद्र प्रसाद सिंह के रूप में की गयी. वहीं, दूसरे शव की शिनाख्त नहीं हो सकी. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है.
इस संबंध में जीआरपी थानाध्यक्ष योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला स्वाभाविक मौत का प्रतीत होता है. किसी के शरीर पर किसी प्रकार का निशान नहीं है. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के स्पष्ट कारणों का पता चल पायेगा.
