स्काॅर्पियो पलटी, एक की मौत
रिश्तेदार के घर गृह प्रवेश में शामिल होने गये थे लोग
बक्सर : नावानगर थाना क्षेत्र के एनएच 30 पर पड़रिया मोड़ के पास एक स्काॅर्पियो पलट गयी, जिसमें एक महिला की मौत हो गयी. गाड़ी बाढ़ से दिल्ली जा रही थी तभी झपकी के कारण गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गयी. मृतक महिला दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट में वकील थी. मृतका के पति सतीश चंद्र खुद ही गाड़ी चला रहे थे और लगातार ड्राइव के कारण झपकी आ गयी, जिससे गाड़ी खाई में चली गयी.
दुर्घटना में गाड़ी में सवार कई अन्य लोग जख्मी हो गये,जिसमें मृतक महिला के ममेरा भाई शिवम कुमार, उनका देवर रवि चंद्रा, भवा प्रियंका देवी, बेटा कार्तिक कुमार और आर्यन कुमार शामिल हैं. सभी अपने स्कार्पियो से एक रिश्तेदार के यहां गृह प्रवेश में शामिल होने गये थे और रात भर जगने के कारण उन्हें झपकी आयी.
सभी घायलों को पटना इलाज के लिए ले जाया गया. जबकि मृत महिला अधिवक्ता को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. दुर्घटना के बाद सबसे पहले सोनवर्षा इलाज के लिए भरती कराया गया और प्राथमिक चिकित्सा के बाद पटना ले जाया गया. घटना के बाद गाड़ी जिस तरह पलटी कि शव को निकालने के लिए पुलिस को जेसीबी की मदद लेनी पड़ी.
