बक्सर : बक्सर-आरा रेलखंड के रघुनाथपुर स्टेशन पर बुधवार की सुबह एक मालगाड़ी अचानक दो हिस्सों में बंट गयी. जब इसकी भनक ड्राइवर और गार्ड को लगी, तो ड्राइवर ने गाड़ी को रोक कर तुरंत स्थानीय कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी दी. हालांकि घटना में किसी भी जान व माल की क्षति नहीं हुई.
रेल विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक बक्सर से मालगाड़ी खुल कर जहानाबाद की ओर जा रही थी. इसी क्रम में जब मालगाड़ी रघुनाथपुर स्टेशन पहुंची, तो अचानक मालगाड़ी दो हिस्सों में बंट गयी और अगला हिस्सा आगे की तरफ बढ़ता चला गया. इसकी भनक लगते ही ड्राइवर ने गाड़ी को रोका. इस दौरान एक घंटे तक डाउन लाइन में परिचालन ठप रहा.
घंटे भर बाद रेलवे इंजीनियरों की मदद से ट्रेन को जोड़ा गया और आगे की ओर रवाना किया गया. ज्ञात हो कि पिछले दिनों भदौरा स्टेशन के समीप 12394 डाउन संपूर्ण क्रांति दो हिस्सों में बंट गयी थी और दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बची थी. घटना के बाद यात्रियों में दहशत फैल गयी थी.
शरारती तत्वों ने मगध में की चेन पुलिंग : बक्सर. बुधवार को डुमरांव-बरूना स्टेशन के बीच मुगलसराय की ओर जानेवाली 12401 मगध एक्सप्रेस ट्रेन में शरारती तत्वों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया. ट्रेन रुकते ही स्कॉट पार्टी ने चेन पुलिंग के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया. कोर्ट में जुर्माना भरने के बाद दोनों आरोपितों को छोड़ दिया गया.
