नावानगर : सोनवर्षा ओपी के मणिया गांव में चार नामजद लोगों द्वारा खेत में सोहनी कर रहे एक किसान की गोली मार कर हत्या कर दी गयी. हत्या के बाद चारों आरोपित फरार हो गये. चारों आरोपित मणिया गांव के निवासी बताये जा रहे हैं.
इस संबंध में मृतक धर्मेद्र यादव की पत्नी रामावती देवी ने बताया कि मैं और मेरे पति अपने खेत में सोहनी कर रहे थे, तभी सुबह सात बजे गांव ही के जज यादव, सुरेश यादव, संजय यादव, राजेश यादव आये और पति के साथ मारपीट करने लगे तथा संजय यादव ने कट्टा निकाल कर कनपट्टी पर सटा कर फायर कर दी, जिससे मेरे पति की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. इसके बाद चारों फरार हो गये. इस संबंध में ओपी प्रभारी ने बताया कि अभी तक प्राथमिकी के लिए आवेदन नहीं मिला है. घरवालों ने बताया कि बक्सर से आने के बाद प्राथमिकी दर्ज करायी जायेगी.
