बक्सर : बिजली विभाग द्वारा त्रुटिपूर्ण बिजली बिल भेजे जाने के विरोध में बक्सर शहर के छात्र नेताओं व आम लोगों ने विभाग के खिलाफ बुधवार को प्रदर्शन मार्च निकाला और विभाग में तालाबंद कर दिया. विरोध प्रदर्शन शहर के मुनीम चौक से सुबह साढ़े दस बजे निकला.
इस दौरान छात्र नेता और प्रदर्शन में शामिल सैकड़ों लोगों ने विभाग के खिलाफ जम कर नारे लगा रहे थे. लोगों के चेहरे पर विभाग के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश देखा. सुबह 11 बजे प्रदर्शन विद्युत विभाग पहुंचा और प्रदर्शन में मौजूद लोगों ने विभाग व इसके पदाधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. आक्रोशित लोग पहले कार्यपालक अभियंता राजीव कुमार के कक्ष में ताला बंद किये, जिससे वहां मौजूद अन्य विभागीय पदाधिकारियों में हड़कंप मच गया और वे भी प्रदर्शन को देख भाग खड़े हुए.
करीब तीन घंटे तक प्रदर्शनकारी प्रदर्शन करते रहे. इस दौरान अपने काम से पहुंचे उपभोक्ता भी प्रदर्शन में शामिल हो गये. प्रदर्शन के दौरान लोगों ने एक आमसभा भी की, जिसकी अध्यक्षता करते हुए छात्र नेता राम जी सिंह ने कहा कि विभाग घोर लापरवाही बरत रहा है और मीटर रीडिंग करने के बदले लोगों के ऊपर गलत तरीके से बिजली चोरी की प्राथमिकी दर्ज करा रहा है.
श्री सिंह ने कहा कि यदि विभाग अपनी गलतियों को नहीं सुधारता है, तो इसके खिलाफ थप्पड़ मारो अभियान चलायाजायेगा. प्रदर्शनकारियों ने विभाग के प्रोजेक्ट अभियंता को पांच सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा. प्रदर्शन के दौरान सर्वजीत कुशवाहा, दीपक यादव, अंकुर पाठक, शेखर कुमार, महमूद, बबलू जायसवाल, मनोज राम समेत अन्य मौजूद थे.
कहते हैं कार्यपालक अभियंता
कार्यपालक अभियंता राजीव कुमार ने बताया कि पिछले दिनों बिजली त्रुटि को सुधारने के लिए कैंप लगाया गया था, जिसमें 150 उपभोक्ताओं का बिजली बिल सुधारा गया. सुधारने का काम आगे भी जारी रहेगा, पर कुछ ऐसे उपभोक्ता हैं, जो पहले की भांति कम बिजली बिल चाहते हैं.
जबकि अब पूर्व की अपेक्षा ज्यादा घंटे बिजली रहती है. ये बेवजह विभाग पहुंच कर सुधरवाने की जिद करते रहते हैं. वहीं, बिजली चोरी की जांच में यदि कोई पदाधिकारी पैसे की मांग करता है, तो इसकी शिकायत सीधे मेरे मोबाइल नंबर 7763814281 पर करें.
