देश को बरबाद करने पर तुले हैं नमो

बक्सर : राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद के आह्वान पर जातिगत जनगणना को सार्वजनिक करने को लेकर आहूत बिहार बंद का बक्सर जिले में असर दिखा और दोपहर तक सड़कों पर बंद समर्थकों का हुजूम नजर आया. इस दौरान गाड़ियां भी नहीं चलीं. दुकानें बंद रहीं, लेकिन कुछ-कुछ इलाकों में छिटपुट दुकानें खुली […]

बक्सर : राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद के आह्वान पर जातिगत जनगणना को सार्वजनिक करने को लेकर आहूत बिहार बंद का बक्सर जिले में असर दिखा और दोपहर तक सड़कों पर बंद समर्थकों का हुजूम नजर आया.
इस दौरान गाड़ियां भी नहीं चलीं. दुकानें बंद रहीं, लेकिन कुछ-कुछ इलाकों में छिटपुट दुकानें खुली रहीं. राजद के जिलाध्यक्ष शेषनाथ यादव के नेतृत्व में बंद शांतिपूर्ण रहा. ज्योति प्रकाश चौक पर बंद समर्थकों ने तीन ट्रकों को खड़ा कर सड़क यातायात को बाधित कर दिया और बेंच लगा कर सड़क पर बैठ गये, जिससे छोटी-बड़ी सभी गाड़ियां इधर-उधर फंस गयीं.
स्टेशन रोड पर स्टेशन से लेकर नगर थाना तक और बाइपास रोड पर भी गाड़ियों की कतारे लग गयीं. बंद के दौरान स्कूल बंद रहे, इससे बच्चों को परेशानी नहीं हुई. वहीं, सरकारी दफ्तरों व बैंकों में आम दिनों की तरह कामकाज हुआ. बक्सर बीडीओ मनोज कुमार सिंह ने बंद समर्थकों को दोपहर 12 बजे के करीब समझा-बुझा कर यातायात सामान्य करवाया. युवाओं की टोली नगर थाना चौक, पीपी रोड आदि क्षेत्र में दुकानें बंद कराने में लगी रहीं.
बंद समर्थक उग्र नहीं थे, जिसके कारण कोई अप्रिय घटना नहीं घटी. ट्रेनों के यातायात पर कोई असर नहीं पड़ा. दोपहर बाद दुकानें भी खुल गयीं और बंद का असर भी खत्म हो गया. जिसके बाद आमजन सड़कों पर दिखे. सुबह आठ बजे बंद समर्थकों की टोली राजद के जिलाध्यक्ष शेषनाथ सिंह के नेतृत्व में ज्योति चौक पहुंच गयी.
इस टोली में प्रदेश महासचिव गणपति मंडल, लालबाबू यादव, वरिष्ठ नेता मदेश्वर कुशवाहा, पूर्व एमएलसी नंद किशोर राम, राजद नेता भुट्टू खां, इंदौर पंचायत के मुखिया अजय सिंह, पूर्व मुखिया गुरुदयाल, छात्र नेता रामाशंकर सिंह, छात्र संघर्ष मोरचा के जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष नीरज महतो समेत कई नेता ज्योति चौक को ट्रकों को रोक कर सड़क को जाम कर दिया. दूसरी तरफ पीपी रोड में अजय सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में राजेश यादव, अनिल यादव, मनीष पासवान, राजा मिश्र आदि युवा नेता जुलूस की शक्ल में बाजार बंद कराते नजर आये. पीपी रोड, सब्जी मंडी, मुनीम चौक समेत पूरे शहर की दुकानें स्वत: बंद रहीं और महावीर स्थान के पास छिटपुट दुकानें खुली रहीं.
राजद अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मो.नसीम अंसारी के नेतृत्व में स्टेशन रोड, आंबेडकर चौक, ज्योति चौक तक दुकानें बंद करायी गयी. इनकी टोली में महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष आनंद रंजना, छात्र नेता राजाराम सिंह, नगर अध्यक्ष साबिर साह, खुरशीद सिद्दकी आदि शामिल थे.
ग्रामीण क्षेत्रों में भी बंद का असर दिखा
ब्रह्मपुर, सिमरी, चक्की, नावानगर समेत अन्य इलाकों में बंद के कारण आम जनता को परेशानी हुई. ब्रह्मपुर में राष्ट्रीय जनता दल के प्रखंड अध्यक्ष रामाशीष यादव के नेतृत्व में आरा-बक्सर मुख्य मार्ग को तीन घंटे तक जाम रखा गया. जाम के दौरान सीओ भगवान झा, बीएओ गोपाल सिंह, थाना प्रभारी गोरख राम मौके पर तैनात रहे.
दोपहर एक बजे थाना प्रभारी ने नर्वदेश्वर तिवारी, रोहित ओझा, एसके सैनी, शशि राय, संतोष यादव, भारत भूषण सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दी. चौसा में राजद प्रखंड अध्यक्ष धनपति चौधरी के नेतृत्व में अखौरीपुर चौसा गोला तिमुहानी पर बक्सर-सासाराम मुख्य मार्ग को घंटों जाम कर मोदी सरकार के विरोध में खूब प्रदर्शन किया गया.
इस दौरान बृज बिहारी सिंह, आफताब आलम, हरेराम सिंह, आलोक जायसवाल, मो.मीर हामजा आदि मौजूद थे. नावानगर में राजद के प्रदेश महा सचिव सत्येंद्र सिंह के नेतृत्व में बंद कराया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >