संवाददाता, बक्सर
वर्चस्व को लेकर नगर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड में एक युवक को गोली मार कर जख्मी करने की घटना के बाद दहशत का माहौल बना हुआ है. मंगलवार की सुबह अवैध हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन व युवक को गोली लगने के बाद स्टेशन रोड में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही. घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को भी जख्मी युवक के पक्ष के लोगों के आक्रोश का शिकार होना पड़ा. इस मामले में पुलिस ने कुल सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. घटना के बाद पुलिस ने कई ठिकानों पर छापामारी भी की, लेकिन अब तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी की खबर नहीं है. विशाल तिवारी और स्टेशन रोड के सिड्डू अली के बीच स्टेशन रोड में वर्चस्व को लेकर पिछले कई माह से तनातनी की स्थिति है. सोमवार की रात अपने रिश्तेदार को स्टेशन छोड़ने आये शिवपुरी मुहल्ले के वशिष्ठ मुनि चौबे और नंदू उपाध्याय को सिड्डू गिरोह के लोगों ने स्टेशन के समीप पकड़ लिया. शिवपुरी मुहल्ले के दोनों युवकों को पकड़ने के बाद जम कर पिटाई की. युवकों का कहना है कि गिरोह के लोगों ने उनका मोबाइल भी छीन लिया. स्टेशन परिसर में खड़ी बाइक को देर रात पुलिस नगर थाना ले गयी. इस मामले में युवकों के बयान पर पुलिस ने नामजद मामला दर्ज किया. सोमवार की रात स्टेशन परिसर से दो युवकों को पकड़ कर पिटाई करने से नाराज विशाल तिवारी गुट के दो दर्जन हथियारबंद युवकों ने मंगलवार की सुबह स्टेशन रोड के कवलदह पोखर स्थित सिड्डू अली के घर पहुंचे और उसे खोजने लगे. उस वक्त सिड्डू अली चाय पीने के लिए स्टेशन की ओर निकला हुआ था. बताया जाता है कि हथियारबंद लोगों ने सिड्डू के छोटे भाई गुड्डु अली को गोली मार दी. गोली गुड्डू के जांघ में लगी है. सुबह के वक्त गोली चलते ही स्टेशन रोड में भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गयी. घटना को अंजाम देने के बाद हथियार बंद लोग भाग निकले. जख्मी युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल में दाखिल कराया गया है.स्थिति को गंभीर देख डीएसपी डॉ मो. शिब्ली नोमानी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला. वर्चस्व में युवक को गोली मारने के मामले में पुलिस ने विशाल तिवारी सहित सात लोगों के खिलाफ नामजद मामला नगर थाने में दर्ज किया है. नगर थानाध्यक्ष एसके मंडल ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ न्यायालय से वारंट प्राप्त कर लिया है. वहीं, अन्य मामलों में फरार सिड्डू अली गिरोह के खिलाफ भी वारंट न्यायालय से प्राप्त कर लिया गया है.थानाध्यक्ष ने कहा कि दो दिनों के भीतर न्यायालय में समर्पण नहीं करने की स्थिति में सभी के खिलाफ कुर्की जब्ती की कार्रवाई शुरू की जायेगी. थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस नामजद लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है. वैसे पुलिस ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में बताया.
