बक्सर: इटाढ़ी थाना क्षेत्र के सरस्ती गांव में रविवार को छापामारी कर पुलिस ने गांजा तस्करी और वाहन चोरी के धंधे में शामिल एक सरपंच सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार लोगों के पास से पुलिस ने चोरी की दो बोलेरो, एक बाइक और पांच मोबाइल सहित लगभग दो सौ ग्राम गांजा बरामद किया है. बोलेरो से दो बंगाल का नंबर प्लेट भी जब्त किया गया है. जिसका इस्तेमाल तस्करी में किया जाता था. पांच लोगों की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने एक बड़े गिरोह का खुलासा होने का दावा किया है. पुलिस का मानना है कि यह गिरोह काफी चालाकी से वाहन चोरी के साथ-साथ तस्करी की घटना को अंजाम दिया करता था. सोमवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में पुलिस अधीक्षक बाबूराम ने बताया कि इटाढ़ी थाना के सरस्ती गांव स्थित सरोज यादव के घर पर दो लोग बैठ कर किसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे.
इसकी गुप्त सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक डा. मो शिब्ली नोमानी के नेतृत्व में सशस्त्र बल ने सरस्ती गांव स्थित घर पर छापामारी की. छापामारी के दौरान सरस्ती निवासी सिद्धनाथ सिंह के पुत्र सरोज यादव, इटाढ़ी के नाथपुर गांव निवासी हरदेव सिंह के पुत्र धर्मराज उर्फ झुन्नू यादव और इटाढ़ी के पारस नाथ यादव के पुत्र संतोष कुमार यादव को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार लोगों की निशानदेही पर पुलिस ने नगर थाना क्षेत्र के सोहनी पट्टी में छापामारी कर कल्याण राय के पुत्र सरपंच विपुल राय और डुमरांव के नया भोजपुर निवासी हरेराम मिश्र के पुत्र पप्पू मिश्र को गिरफ्तार किया गया. एसपी ने बताया कि छापामारी के दौरान सरस्ती गांव स्थित सरोज यादव के घर से सफेद रंग की बोलेरो (यूपी 65 ए जेड 5238) और लाल रंग की बोलेरो (यूपी 65 ए एल 1276) बरामद किया गया. इसके अलावा धर्मराज राय की एक बाइक भी बरामद की गयी. गिरफ्तार धर्मराज ने पुलिस को बताया कि यह बाइक वाहन लुटेरा उपेंद्र कुशवाहा से खरीदा गया था. जिसका कागजात फर्जी ढंग से तैयार कराया गया था. एसपी ने बताया कि सफेद रंग के बोलेरो से बरामद ऑनर बुक पर शिवपुर वाराणसी के पन्ना राम का नाम दर्ज है. जबकि, लाल रंग के बोलेरो के ऑनर बुक पर बड़ी प्यारी वाराणसी निवासी सुनील कुमार का नाम दर्ज है. दोनों ऑनर बुकों का सत्यापन कराया जा रहा है. एसपी ने बताया कि बोलेरो विपुल राय और पप्पू मिश्र ने अपराधियों के हाथ बेचा था. चोरी का बोलेरो बेचने के आरोप में विपुल राय और पप्पू मिश्र की गिरफ्तारी की गयी है. एसपी ने बताया कि विपुल राय का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. औद्योगिक थाना कांड संख्या 25/2011 आर्म्स एक्ट के मामले में विपुल राय पर आरोप पत्र दाखिल हो चुका है. एसपी ने बताया कि बरामद लाल रंग की बोलेरो में एक डिब्बा बनाया गया है. जिसमें गांजा भर कर तस्करी का काम किया जाता था. एसपी ने बताया कि गांजे का खेप गिराने के बाद सरस्ती गांव में तस्कर किसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे. तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है.
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के खिलाफ छानबीन की जा रही है साथ ही गांजा का खेप कहां गिराया गया है इसकी भी तहकीकात की जा रही है.
