डुमरांव : बिहार अराजपत्रित प्रारंभिक शिक्षक संघ के आह्वान पर अपनी मांगों को लेकर नियोजित शिक्षकों ने बुधवार को काला बिल्ला लगा कर नगर के विभिन्न स्कूलों में शिक्षण कार्य किया. संघ के शिक्षकों ने कहा कि सरकार नियोजित शिक्षकों को वेतनमान देने में आनाकानी कर रही है.
जबकि शिक्षक अन्य शिक्षकों की तरह अपने-अपने स्कूलों में नियमित रूप से शिक्षण का कार्य कर रहे हैं. संघ के सदस्यों ने सामान्य कार्य, तो सामान्य वेतन की मांग सरकार से की है. अब तक सरकार ने नियोजित शिक्षकों को वरीय वेतनमान व प्रवरण वेतनमान का लाभ नहीं दिया है, जिससे शिक्षकों में आक्रोश है. विरोध करनेवालों में अध्यक्ष आलमगीर अंसारी, नारायण राय, रामप्रवेश सिंह, परमानंद चौबे, पूनम कुमारी, रामजीत सिंह कुमारी संजू, निशा प्रधान सहित अन्य शिक्षक शामिल हैं.
वहीं दूसरी ओर सिमरी प्रतिनिधि के अनुसार-नियोजित शिक्षकों ने बुधवार को काला बिल्ला लगा कर प्रखंड के स्कूलों में शिक्षण का कार्य किया़ शिक्षकों ने वेतनमान नहीं दिये जाने को लेकर सरकार के विरूद्व नराजगी जाहिर की मौके पर सुबोध कुमार राय,राकेश कुमार मिश्र सहित अन्य नियोजित शिक्षक शामिल हैं.
