गांवों से लेकर शहर तक गूंजे छठी मइया के गीत, हर तरफ भक्ति की बही बयार
बक्सर : लोक आस्था के महापर्व चैती छठ के अवसर पर बुधवार को श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ दिया. नगर के रामरेखा घाट, सती घाट, गोला घाट, नाथ बाबा घाट समेत अन्य घाटों पर भक्तों की काफी भीड़ देखी गयी. इस दौरान छठ के पारंपरिक गीतों से वातारण गूंज उठा. छठ व्रत को लेकर व्रती दउरा लेकर घाट पहुंचे, जहां, डूबते सूर्य को गंगा में स्नान कर अर्घ दिया. चार दिनों तक चलनेवाले पर्व के तीसरे दिन श्रद्धालुओं ने भगवान भास्कर को अर्घ देकर मन्नतें मांगी. गुरुवार को दूसरा अर्घ उगते सूर्य को दिया जायेगा.
नगर के रामरेखा घाट पर बिहार के विभिन्न जगहों समेत उत्तर प्रदेश के व्रती भी पहुंचे हैं. छठ मइया के गीतों से माहौल भक्तिमय हो गया है. घाटों पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किये गये हैं. कई व्रतियों ने अपनी मनोकामना पूर्ण होने पर व्रत रखा था. छठ को ले शाम में शहर में भीड़ देखने को मिली.
चौसा प्रतिनिधि के अनुसार, क्षेत्र के विभिन्न गंगा घाटों पर छठ पूजा को ले माहौल भक्तिमय था. घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था.
बुधवार की शाम छठ व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ दिया. महादेवा घाट, बाजार घाट, बारा मोड़ तथा रानी घाट पर छठ व्रतियों की भीड़ लगी रही.
