दो अन्य जख्मी, पोस्टमार्टम के लिए शव को पुलिस ने भेजा बक्सर
डुमरांव : डुमरांव-बिक्रमगंज पथ पर टुढ़की पुल के समीप देर रात हुई घटना में एक बाइक सवार की मौत हो गयी. जबकि दो अन्य बाइक पर सवार घायल हो गये. घायलों को डुमरांव अस्पताल में इलाज के लिए भरती कराया गया. देर रात नशे की हालत में एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने एक बोलेरो में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे हादसा हो गया.
मृतक की पहचान नहीं हो पायी है.वहीं, घायलों की पहचान बगेन थाना क्षेत्र के बरुआ गांव के अवधेश कुमार, राजू कुमार व छोटू कुमार के रूप में हुई है. इसी में से किसी एक की मौत भी हुई. पुलिस सूत्रों ने बताया कि एक बाइक पर तीन लोग सवार थे, जो नशे की हालत में बाइक को चला रहे थे. बाइक सवारों को जब रोकने की कोशिश की गयी, तो पकड़ाने की डर से बाइक सवारों ने गाड़ी की गति तेज कर दी और जोरदार टक्कर बोलेरो में मार दी, जिसमें एक की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी.
घटना के बाद शहर में अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी. वहीं पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मृतक को पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया और घायलों को इलाज के लिए नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र में दाखिला कराया. घायलों की स्थिति चिकित्सकों के मुताबिक ठीक बतायी जा रही है. वहीं, घटना की सूचना पीड़ितों के परिजनों को देर रात दे दी गयी.
