बक्सर : शहर के चौक-चौराहों पर होर्डिग लगानेवाले लोगों को उसका टैक्स भी अब देना होगा. टैक्स वसूलने की प्रक्रिया अब शुरू हो जायेगी. इसके साथ ही नगर पर्षद को एक और अतिरिक्त टैक्स की वसूली में लग जायेगा एवं राजस्व की बढ़ोतरी होगी.
इसके लिए नगर पर्षद 13 फरवरी को निविदा निकालेगी. उल्लेखनीय है कि शहर में अब तक होर्डिग से टैक्स की वसूली नहीं हो रही थी. शहर के चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों पर सैकड़ों होर्डिग लगे हुए हैं, लेकिन नगर पर्षद इससे अब तक कोई टैक्स नहीं वसूलता है. निविदा के बाद इनसे टैक्स वसूली की प्रक्रिया शुरू हो जायेगी.
विभागीय सूत्रों के अनुसार मुख्य सड़क पर 50 रुपये प्रति वर्ग फिट एवं सहायक सड़कों पर 40 रुपये प्रति वर्ग फिट के हिसाब से टैक्स लिया जायेगा. इसके पहले शहर में कितने होर्डिग लगे हैं. इसका विभाग में कोई लेखा-जोखा नहीं है. होर्डिग टैक्स नहीं वसूलने से नगर पर्षद को हर साल लाखों रुपये का राजस्व का नुकसान हो रहा था, लेकिन अब होर्डिग टैक्स से नगर पर्षद को फायदा होगा. इस संबंध में नगर पर्षद के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि होर्डिग टैक्स से नगर पर्षद का राजस्व बढ़ेगा. इसके लिए पहली बार 13 फरवरी को निविदा होगी.
