बक्सर : जिले में शिक्षक नियोजन की प्रक्रिया विभाग की लापरवाही से बेपटरी हो गयी है. अभी कई ऐसे पंचायत है, जहां आवेदन लेने के लिए काउंटर ही नहीं खुला है. वहीं, कई जगहों पर रिक्तियों का अनुमोदन नहीं हुआ है. ऐसे में शिक्षक बनने की चाह रखने वाले अभ्यर्थी जब दूर -दराज से पंचायतों में पहुंच रहे हैं.
तो वहां काउंटर बंद देख परेशान हैं. कोइरपुरवा का मो. शाहनवाज अंसारी, रमेश वर्मा, अखिलेश पांडेय हर पंचायत में रिक्ति के अनुसार आवेदन डाल रहे हैं. इस क्रम में जब वे चौसा के जलीलपुर, पलिया, हिडरी समेत कई पंचायतों में पहुंचे तो वहां काउंटर ही नहीं खुला देख हैरान हो गये. नियोजन इकाई ने पहले से ही आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 21 जनवरी को तय कर रखा है.
अब अंतिम तिथि में शेष आठ दिन ही बचे हैं. जिसके कारण अभ्यर्थी आवेदन जमा नहीं होने पर चिंतित है. एक अभ्यर्थी ने बताया कि मंगलवार को डुमरांव नगर परिषद में दो बजे ही आवेदन जमा करने वाला काउंटर बंद हो गया था. नियोजन से संबंधित एक भी कर्मी मौजूद नहीं थे. जिसके कारण उन्हें बगैर आवेदन जमा किये वापस लौटना पड़ा. इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी सच्चिदानंद प्रसाद ने बताया कि कुछ जगहों पर रिक्तियों का अनुमोदन नहीं हो पाया है. जिसके कारण परेशानी हो रही है. वहीं, काउंटर बंद होने की शिकायत पर कार्रवाई की जायेगी.
