बक्सर : आर्म्स आपूर्ति करनेवाले एक युवक को धनसोई पुलिस ने शनिवार की रात्रि गिरफ्तारी कर लिया. गिरफ्तार युवक के पास से पुलिस ने एक देसी कट्टा बरामद किया है.
पुलिस का मानना है कि युवक की संलिप्तता इटाढ़ी के चिंताहरण ओझा हत्याकांड को अंजाम देने में लाइनर की मुख्य भूमिका में हो सकती है. हालांकि पुलिस के पास इसका कोई पुख्ता साक्ष्य नहीं है.
पुलिस यह भी मान रही है कि गिरफ्तार युवक बक्सर में आर्म्स आपूर्ति करता था और कुख्यात संदीप यादव भी इसी युवक से हथियार लेता था. युवक की गिरफ्तारी से संदीप यादव को पकड़ने में सहायता मिलेगी. चिंताहरण ओझा हत्याकांड को अंजाम देने में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी से संदीप को पकड़ना अब पुलिस के लिए आसान होगा. पुलिस ने बताया कि युवक की गिरफ्तारी धनसोई थाना क्षेत्र के भिखन डेरा के समीप से हुई है. इटाढ़ी थाना क्षेत्र के देवकुली का रहनेवाला अंकित ओझा धनसोइ इटाढ़ी मुख्य पथ पर भिखन डेरा के समीप पुलिस को देखते ही भागने लगा.
तब उसकी गिरफ्तारी की गयी. जिले की पुलिस ने अब तक चिंताहरण ओझा ऊर्फ कुड़कुड़ ओझा हत्याकांड से जुड़े आठ लोगों की गिरफ्तारी कर चुकी है. जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि शीघ्र ही संदीप यादव को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिलेगी. उल्लेखनीय है कि पिछले पांच दिसंबर को इटाढ़ी के एचपी गैस एजेंसी के समीप दिन दहाड़े पूर्व पैक्स अध्यक्ष चिंताहरण ओझा की हत्या गोली मार कर की दी गयी थी, जिसका मुख्य अभियुक्त संदीप यादव है.
पुलिस ने की चोरी की मोटर बरामद
नावानगर. स्थानीय थाना क्षेत्र के डुमरांव-बिक्रमगंज पथ पर स्थानीय बाजार स्थित एमजीपीसीएल कंपनी के गोदाम सह ऑफिस से चोरों द्वारा पांच एचपी का मोटर चुरा लिया गया है. इसको लेकर कंपनी के डीपीएम स्वपन्न कुमार सिन्हा द्वारा अज्ञात लोगों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. वहीं, प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद थाना प्रभारी राकेश कुमार द्वारा तत्परता दिखाते हुए जितवाडीह निवासी हेमराज सिंह को मोटर के साथ गिरफ्तार कर लिया गया.
