बक्सर/केसठ/इटाढ़ी : कड़ाके की ठंड के कारण लोगों की दिनचर्या पूरे दिन बदली-बदली सी दिखी. शहर की सड़कें ठंड व रविवार होने की वजह से वीरान दिखीं. लोग घरों में दिन भर दुबके रहे.
रविवार को भगवान भास्कर का दर्शन नहीं हुआ, जिससे बाजारों में चहल-पहल कम रही. छुट्टी का दिन होने के कारण लोग घर में ही अलाव की व्यवस्था कर ठंड से बचने की कोशिश करते दिखे. विगत दो दिनों से जिले का पारा गिरने से पशु-पक्षी भी बेहाल हैं. सबसे अधिक परेशानी गरीब व ग्रामीण क्षेत्र में रहनेवालों को हो रही है, जो गरम वस्त्र के अभाव में ठिठुरते हुए रात गुजारते हैं.
शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर टायर व लकड़ी को जला कर ठंड से राहत ली. वहीं, प्रशासनिक स्तर पर कंबल व अलाव की व्यवस्था नहीं होने से शहरवासी मायूस हैं. वहीं, ठंड से किसानों को फसल की चिंता सताने लगी है. आलू की फसल में पाला, गेहूं की वृद्धि में रूकावट, सरसों व चना की फसल में लाही के प्रकोप से फसल कमजोर होने की संभावना बढ़ गयी है.
केसठ प्रतिनिधि के अनुसार प्रखंड में ठंड के कारण लोग पूरे दिन घरों से निकले नहीं. किसान, मजदूर व दलित बस्ती के लोग ठंड से ठिठुरते हुए काम पर जाते नजर आये. वहीं, अंचलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि प्रखंड में अलाव की व्यवस्था आधा दर्जन जगहों पर की गयी है. वहीं, प्रखंड प्रमुख मंजू देवी ने बताया कि दो जगहों पर अलाव की व्यवस्था की गयी है.
इटाढ़ी प्रतिनिधि के अनुसार इन दिनों कड़ाके की ठंड एवं शीतलहर की चपेट में इटाढ़ी प्रखंड के लोग हैं. कोई भी काम समय पर नहीं हो रहा है. ठंड एवं शीतलहर से बचाव के लिए गरीब एवं महादलित बस्ती में अलाव जलाने की मांग राजद के प्रखंड अध्यक्ष धर्मराज सिंह चौहान ने प्रशासन से की है.
ठंड को लेकर 14 तक बंद रहेंगे सभी स्कूल
बक्सर. जिले में चल रही शीतलहरी और ठंड के कारण जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों को तीन और बंद करने का निर्देश दिया है. 12 जनवरी से लेकर 14 जनवरी तक सभी स्कूल बंद रहेंगे. इन स्कूलों में प्राथमिक विद्यालय, मध्य विद्यालय और हाइस्कूल भी हैं. यह जानकारी जिलाधिकारी रमन कुमार ने दी.
