बक्सर : बक्सर-डुमरांव रेलखंड के बरूना स्टेशन पर स्थित ऑपरेटिंग पैनल में आयी तकनीकी खराबी के कारण रविवार को लगभग छह घंटे तक बिना सिगनल ही ट्रेनों का आवागमन हुआ. अप और डाउन की ओर जानेवाली 22 ट्रेनें इस गड़बड़ी से बाधित हुईं.
कई ट्रेनें 23 घंटे से भी अधिक विलंब रहीं. बरूना स्टेशन प्रबंधक कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि सुबह तीन बज कर 48 मिनट पर अचानक ऑपरेटिंग पैनल फेल हो गया, जिससे ट्रेनों का आवागमन बाधित हो गया. इस बीच कर्मियों ने ट्रेनों के ड्राइवर को विभागीय नियमानुसार लिखित कागज को सौंप आगे प्रस्थान करने की अनुमति दी. काफी प्रयास के बाद 9 बज कर 36 मिनट पर पुन: ऑपरेटिंग पैनल को ठीक कर लिया गया. इस दौरान यात्रियों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा. वहीं, अप और डाउन की ओर जानेवाली दर्जन भर ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों विलंब रहीं.
ये ट्रेनें हुईं लेट
डाउन की ओर जानेवाली ट्रेनों में 3132 कोलकाता आनंद बिहार 13 घंटे, 2392 श्रमजीवी एक्सप्रेस 12 घंटे, जन साधारण एक्सप्रेस 10 घंटे, 2304 पुर्वा एक्सप्रेस 16 घंटे, 3240 मथुरा एक्सप्रेस 10 घंटे, 2328 उपासना एक्सप्रेस 10 घंटे, 3414 फरक्का एक्सप्रेस 5 घंटे, 3132 दिल्ली सियालदह एक्सप्रेस 7 घंटे, 4056 ब्रह्मपुत्र मेल 7 घंटे विलंब से चली. वहीं, अप की ओर जानेवाली ट्रेनों में सबसे ज्यादा विलंब 22405 गरीब रथ एक्सप्रेस 23 घंटे, 3237 मथुरा एक्सप्रेस तीन घंटे, 2401 मगध एक्सप्रेस 6 घंटे विलंब से चली.
