केंद्र सरकार के पैसे से सूद कमा रही बिहार सरकार

बक्सर : केंद्रीय ग्रामीण विकास, पंचायती राज और पेयजल एवं स्वच्छता राज्य मंत्री तथा राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने बिहार की जदयू सरकार पर केंद्र की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में नाकाम रहने का आरोप लगाया. कहा कि केंद्र सरकार जो राशि गरीबों के विकास के लिए भेजती […]

बक्सर : केंद्रीय ग्रामीण विकास, पंचायती राज और पेयजल एवं स्वच्छता राज्य मंत्री तथा राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने बिहार की जदयू सरकार पर केंद्र की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में नाकाम रहने का आरोप लगाया. कहा कि केंद्र सरकार जो राशि गरीबों के विकास के लिए भेजती है, प्रदेश सरकार उसे बैंक में रख कर उस पर ब्याज कमाने में जुटी है.बक्सर के टाउन हॉल में अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कुशवाहा ने शनिवार को वर्तमान बिहार सरकार को निक्कमी बताया.
उन्होंने आरोप लगाया कि जब वित्त वर्ष पूरा हो जाता है, तब राज्य सरकार ब्याज की राशि अपने पास रख कर विकास योजनाओं की राशि केंद्र सरकार को लौटा देती है. वहीं, दूसरे राज्य इस धन का लाभ उठाते हैं. उन्हांेने पार्टी कार्यकर्ताओं से जन सरोकार की समस्याओं पर ज्यादा ध्यान देने और राज्य सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लेने को कहा.
उधर, आरा में कुशवाहा ने कहा कि केंद्र सरकार गांवों में भी शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना चाहती हैं. इसको ध्यान में रखते हुए कई निर्णय भी लिये गये हैं. स्थानीय परिसदन में उन्होंने अपने विभाग के द्वारा किये जा रहे कार्यो पर कहा कि 2022 तक हमने तय किया है कि कोई भी गरीब आदमी बिना घर के नहीं रहेगा. सभी को घर उपलब्ध कराया जायेगा. 2019 तक शुद्ध पानी सभी को उपलब्ध कराया जायेगा. खुले में शौच जाने की जरूरत न पड़े, इसके लिए सभी घरों में शौचालय बनाये जायेंगे. इतना बड़ा काम सिर्फ सरकार के बूते संभव नहीं है. पिछली सरकार ने कम ही सही, लेकिन शौचालय का निर्माण कराया. लेकिन आज विद्यालयों का अधिकांश शौचालय बंद हैं. देखरेख के अभाव में चापाकल खराब है. जिन के घर में शौचालय भी बना, उसका उपयोग नहीं रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >