एसएफसी का खाद्यान्न कालाबाजारी में बेचने की सूचना पर हुई छापेमारी
बक्सर : कालाबाजारी में एसएफसी का खाद्यान्न बेचने की सूचना पर सदर एसडीओ अवधेश आनंद ने बुधवार की देर रात बाजार समिति स्थित एक दुकान में छापामारी कर एक ट्रक चावल जब्त किया है.
गरीबों के बीच वितरण होने वाला यह खाद्यान्न एसएफसी, ठेकेदार व कालाबाजारियों की सांठ-गांठ से ठिकाना लगाया जा रहा है. छापामारी के दौरान पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है, लेकिन चालक और खलासी फरार हो गये. बाजार समिति स्थित जिस दुकान में खाद्यान्न रात के अंधेरे में उतारा जा रहा था, वह दुकानदार भी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. खाद्यान्न बरामदगी की सूचना फैलते ही कालाबाजारी के धंधे में लिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया.
एसडीओ ने बताया कि ट्रक संख्या यूपी65एटी-3059 से खाद्यान्न एफसीआइ से लाद कर एसएफसी गोदाम भेजा गया था. एसडीओ ने बताया कि एसएफसी गोदाम के रजिस्टर में उक्त ट्रक के छह बजे अनलोड होने की बात दर्ज है, लेकिन रात्रि आठ बजे के आसपास खाद्यान्न लदे ट्रक को बाजार समिति के 15 नंबर दुकान के समीप मजदूरों द्वारा अनलोड किया जा रहा था.
इसकी गुप्त सूचना मिलते ही जिलाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने सदर एसडीओ को छापामारी करने का निर्देश दिया. एसडीओ के साथ वरीय उपसमाहर्ता आलोक कुमार और नगर थाने के पुलिसकर्मी बाजार समिति पहुंचे और खाद्यान्न सहित ट्रक को जब्त कर लिया. एसडीओ ने बताया कि दुकान संख्या 15 मनोज कुमार सिंह के नाम पर आवंटित है, जबकि उसे विनय कुमार सिंह को किराये पर दिया गया.
छानबीन के दौरान यह बात सामने आयी कि कालाबाजारी के लिए खाद्यान्न विनय कुमार सिंह की दुकान पर उतारा जा रहा था. मामले की तहकीकात पूरी होने पर वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एमओ शैलेश कुमार ने दुकानदार विनय कुमार सिंह के खिलाफ नामजद प्राथमिकी नगर थाने में दर्ज करायी है. खाद्यान्न बरामदगी से यह पूरी तरह स्पष्ट हो गया है कि गरीबों का निवाला कालाबाजारियों के हवाले कर दिया जा रहा है.
