बड़े नेटवर्क के भंडाफोड़ की संभावना

बक्सर : अवैध हथियार के साथ दो तस्करों की गिरफ्तारी से पुलिस को हथियारों के तस्करों के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना बन गयी है. मुंगेर से हथियारों का खेप लाकर बक्सर के इलाकों में सप्लाइ करने वाले दो हथियारों के तस्करों की गिरफ्तारी को पुलिस एक बड़ी उपलब्धि के रूप में […]

बक्सर : अवैध हथियार के साथ दो तस्करों की गिरफ्तारी से पुलिस को हथियारों के तस्करों के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना बन गयी है. मुंगेर से हथियारों का खेप लाकर बक्सर के इलाकों में सप्लाइ करने वाले दो हथियारों के तस्करों की गिरफ्तारी को पुलिस एक बड़ी उपलब्धि के रूप में मान रही है. पुलिस का कहना है कि इनकी गिरफ्तारी से अपराध नियंत्रण में भी काफी हद तक सफलता मिलेगी. इसके पूर्व भी पुलिस ने इटाढ़ी और राजपुर के इलाकों से अवैध हथियारों के साथ कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया था

* मुंगेर से आती थी हथियारों की खेप
हथियारों की तस्करी में शामिल लोग मुंगेर से हथियारों का खेप मंगाते हैं. पुलिस के अनुसार, मुंगेर के अवैध कारखानों में हथियारों का निर्माण होता है. इन कारखानों में निर्मित पिस्टल में असली व नकली का फर्क करना भी मुश्किल हो जाता है. सूत्रों का कहना है कि हथियारों की तस्करी में युवाओं के साथ कुछ महिलाएं भी शामिल हैं, जो हथियारों को यहां तक पहुंचाने का काम करती हैं. इसके एवज में उन्हें अच्छी रकम भी मिलती है.

* गोपनीय ढंग से की जाती है सप्लाइ
मुंगेर से आने वाले हथियारों के खेप को सुरक्षित रखा जाता है. इस धंधे में शामिल लोग अपराधी प्रवृत्ति के युवाओं से संपर्क साधते हैं. फिर हथियारों की बिक्री को लेकर मोल-भाव होता है. राशि मिलने के बाद हथियार खरीदार तक पहुंचाया जाता है. पुलिस के अनुसार, मुंगेर से नौ से दस हजार रुपये में तस्कर विदेशी जैसी दिखने वाली कंट्रीमेट रिवाल्वर की खरीद करते हैं. यह हथियार बक्सर के इलाके में 15 हजार तक में बेची जाती है.

* मास्टर माइंड है सुमित राय
पुलिस का कहना है कि हथियारों की तस्करी का मास्टर माइंड नगर के महात्मा गांधी नगर का सुमित राय उर्फ छोटू राय है. हथियारों की सप्लाइ करने जा रहे बंटी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर सुमित राय को गिरफ्तार किया. पुलिस का कहना है कि सुमित राय का नेटवर्क बक्सर से मुंगेर तक फैला हुआ है. इस नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए कार्रवाई तेज कर दी गयी है.

* डेढ़ साल से चल रहा था धंधा
जिले के विभिन्न इलाकों व यूपी से सटे गांव में हथियारों की सप्लाइ दी जा रही थी. गिरोह के अपराधी युवा किस्म के अपराधी प्रवृत्ति के लोगों से संपर्क साधते थे और हथियारों की सप्लाइ किया करते थे. पिछले डेढ़ साल के भीतर इस गिरोह के लोगों ने इटाढ़ी, राजपुर व नगर सहित विभिन्न इलाकों में हथियारों की सप्लाइ दी है.

हथियार के तस्करों से पूछताछ की जा रही है. इसमें कई महत्वपूर्ण तथ्य भी उभर सामने आये हैं. तस्करों द्वारा किन-किन लोगों को हथियार बेचे गये हैं. इसे भी खंगालने में पुलिस लगी हुई है. इस गिरोह के नेटवर्क ध्वस्त होने से जिले के अपराध नियंत्रण में काफी हद तक सहूलियत मिलेगी.
डॉ मो शिब्ली नोमानी, डीएसपी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >