बक्सर (सदर)/धनसोई : धनसोई थाना क्षेत्र के बन्नी भरखरा गांव में बुधवार की सुबह आम तोड़ने के विवाद में दो समुदाय के बीच हिंसक झड़प हो गयी. हिंसक झड़प में पांच लोग जख्मी हो गये. घायलों का इलाज स्थानीय पीएचसी में कराया गया. घटना को लेकर गांव में तनाव उत्पन्न हो गया था.
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी डॉ मो शिब्ली नोमानी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया. इस दौरान शांति समिति की बैठक भी आयोजित हुई. इसमें दोनों पक्षों ने शांति सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया. पुलिस के अनुसार भरखरा गांव में आम तोड़ने के सवाल पर चंद्रदेव सिंह और मो सुल्तान के बीच विवाद शुरू हुआ.
यह विवाद हिंसक संघर्ष का रूप ले लिया. दोनों ओर से जम कर लाठियां चलीं और धारदार हथियारों से मार कर एक दूसरे को जख्मी कर दिया. हिंसक संघर्ष में मो एकराम, मो ताज, मो सरफराज, मो सुल्तान व चंद्रदेव सिंह जख्मी हो गये. घटना के बाद गांव में दो समुदायों के बीच तनाव उत्पन्न हो गया.
इसकी सूचना मिलते ही डीएसपी डॉ मो शिब्ली नोमानी सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझा बुझा कर शांत कराया. इसके बाद शांति समिति की बैठक बुलायी गयी, जिसमें दोनों समुदायों के लोगों ने हिंसक झड़प में शामिल लोगों को चिह्न्ति किया. डीएसपी ने बताया कि अशांति फैलानेवालों को प्रशासन चिह्न्ति कर लिया है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
