Nalanda crime news: छबिलापुर थाना क्षेत्र के अंडवस गांव में 56 वर्षीय प्रभा देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति हरिदर्शन यादव को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया. मृतका की मां श्याम लता देवी ने अपने दामाद के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज करायी है. परिजनों ने पति पर प्रभा देवी के साथ लगातार मारपीट करने का आरोप लगाया है. वहीं, पुलिस प्रथमदृष्टया पति-पत्नी के बीच विवाद को घटना का कारण मानकर जांच कर रही है. मौत मारपीट से हुई या गला दबाने से, इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी.
मायके वालों ने पति पर लगाया हत्या का आरोप
मृतका की मां श्याम लता देवी ने पुलिस को दिये आवेदन में अपने दामाद हरिदर्शन यादव के खिलाफ हत्या का आरोप लगाया है. मृतका के मायके वालों और उसके बेटे-बेटियों का आरोप है कि हरिदर्शन यादव अक्सर प्रभा देवी के साथ मारपीट करता था. परिजनों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था.
मृतका के पिता किशोरी यादव और मां श्याम लता देवी खुदागंज थाना क्षेत्र के विष्णु बगीचा के रहने वाले हैं. परिजनों ने हरिदर्शन यादव के किसी अन्य महिला से संबंध होने का भी आरोप लगाया है. उनका कहना है कि प्रभा देवी इसका विरोध करती थी, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था.
मारपीट से परेशान होकर मायके में रह रही थी प्रभा
परिजनों के मुताबिक, पति की मारपीट से परेशान प्रभा देवी काफी समय से मायके में रह रही थी. वह रक्षाबंधन के दिन ही अपने ससुराल अंडवस आयी थी. परिजनों का आरोप है कि रविवार को भी उसके साथ मारपीट की गयी और सोमवार को उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गयी. हालांकि, पुलिस ने अभी मौत के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
पीठ पर मिले मारपीट के निशान
घटना की सूचना मिलने के बाद डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता और छबिलापुर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ अंडवस गांव पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से महिला का शव बरामद किया और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया. सोमवार देर शाम सदर अस्पताल, बिहारशरीफ में शव का पोस्टमार्टम कराया गया. इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
पुलिस के अनुसार, मृतका की पीठ पर मारपीट के निशान मिले हैं. घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य भी एकत्र किये गये हैं.
दो भाइयों के गांव से फरार होने की बात
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति हरिदर्शन यादव को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, उसके दो भाइयों के गांव से फरार होने की पुष्टि हुई है. पुलिस घटना में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
तीन बेटियां और एक पुत्र की मां थी प्रभा
प्रभा देवी के तीन बेटियां और एक पुत्र हैं. घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है. पुलिस का कहना है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद और मारपीट की शिकायत सामने आती रही थी. पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी.
सभी पहलुओं पर जांच कर रही पुलिस
डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की. उन्होंने थानाध्यक्ष को मामले की गहराई से जांच करने का निर्देश दिया. डीएसपी के अनुसार, पुलिस प्रथमदृष्टया घटना का कारण पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद मान रही है, लेकिन हत्या के वास्तविक कारण और घटना में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. कांड में दोषी कोई व्यक्ति बचेगा नहीं और किसी निर्दोष को फंसाया नहीं जायेगा.
