ट्रक और बाइक की टक्कर में दो एएनएम सहित तीन जख्मी

भागनबीघा थाना क्षेत्र अंतर्गत पचासा मोड़ के पास शुक्रवार को एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी.

बिहारशरीफ. भागनबीघा थाना क्षेत्र अंतर्गत पचासा मोड़ के पास शुक्रवार को एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में दो एएनएम छात्राओं समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. मिली जानकारी के अनुसार अनुपमा कुमारी, नेहा कुमारी और अनुपमा कुमारी के पति आशीष कुमार बाइक से गौतम बुद्ध कॉलेज जा रहे थे. बताया जा रहा है कि आशीष कुमार अपनी पत्नी अनुपमा कुमारी और उनकी सहेली नेहा कुमारी को कॉलेज छोड़ने जा रहे थे. इसी दौरान भागन बाजार थाना क्षेत्र के पचासा मोड़ के समीप पतासंग के पास पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल बिहारशरीफ भेजा, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस फरार चालक की तलाश में जुट गई है तथा पूरे मामले की जांच की जा रही है. घटना के बाद इलाके में कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SANTOSH KUMAR SINGH

SANTOSH KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >