Nalanda child murder case: चिकसौरा थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में मंगलवार की सुबह एक वर्षीय बच्चे का शव पैन में मिलने से सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान फतेहपुर गांव निवासी ललिता देवी के एक वर्षीय पुत्र रौशन कुमार के रूप में हुई है. बच्चे के पिता रवि बिंद ने अपनी पत्नी ललिता देवी पर ही पुत्र की हत्या कर शव पैन में फेंकने का आरोप लगाया है. पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है.
पिता की तबीयत खराब होने पर मायके आयी थी महिला
जानकारी के अनुसार फतेहपुर गांव निवासी सुलेन्द्र बिंद की पुत्री ललिता देवी की शादी करीब आठ वर्ष पहले पटना जिले के गौरीचक थाना क्षेत्र के काजी बिगहा गांव निवासी सुवेल बिंद के पुत्र रवि बिंद से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी. दंपती के एक पुत्री और दो पुत्र हैं. बताया जाता है कि ललिता देवी अपने पिता की तबीयत खराब होने की सूचना पर पांच सितंबर को पति रवि बिंद और छोटे पुत्र रौशन के साथ मायके आयी थी.
कमरे में नहीं मिले मां और बेटा
मंगलवार की सुबह रवि बिंद और उसके साले सुजीत कुमार ने कमरे में देखा तो ललिता देवी और रौशन वहां नहीं थे. इसके बाद दोनों ने उनकी खोजबीन शुरू की. इसी दौरान गांव के पैन में रौशन का शव पानी में तैरता मिला. शव मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गयी और गांव में मातम छा गया.
पति के आवेदन पर दर्ज हुई प्राथमिकी
चिकसौरा थानाध्यक्ष गौरव सिंधु ने बताया कि रवि बिंद के लिखित आवेदन पर पत्नी ललिता देवी के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है. उसे हिलसा व्यवहार न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है.
थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. बच्चे की मौत के वास्तविक कारण और घटना की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच जारी है.
