बीएसएफ महिला जवान को शादी का झांसा देकर शातिर युवक ने ठगे 14 लाख

एक बीएसएफ महिला जवान को शादी का झांसा देकर शातिर युवक ने उससे 14 लाख रुपये की ठगी कर ली.

शेखपुरा.

एक बीएसएफ महिला जवान को शादी का झांसा देकर शातिर युवक ने उससे 14 लाख रुपये की ठगी कर ली. इतना ही नहीं युवक ने महिला जवान को अपने घर बुलाकर शारीरिक संबंध भी बनाया. परंतु, महिला जवान जब युवक से बार-बार शादी की बात कहने लगी, तब युवक ने धीरे-धीरे महिला जवान से किनारा कर लिया. महिला जवान को जब पता चला कि शातिर युवक पहले से ही शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है तो उसके पैरों तले जमीन ही खिसक गयी. इस घटना को लेकर झारखंड की रांची जिले के एक गांव की रहने वाली बीएसएफ महिला जवान ने शेखपुरा पहुंचकर टाउन थाने में आरोपित के खिलाफ प्राथमिक की दर्ज करायी. आरोपित युवक शेखपुरा टाउन थाना क्षेत्र के अहियापुर मोहल्ले का रहने वाला आयुष कुमार गौतम बताया जाता है. पीड़ित महिला ने बताया कि 2020 में सोशल साइट्स शादी डॉट कम के जरिये उनका संपर्क शेखपुरा के अहियापुर निवासी आयुष कुमार गौतम के साथ हुई थी. इसी दौरान 2021 में उनकी नौकरी बीएसएफ में हो गयी. ट्रेनिंग में जाने से पहले आयुष ने उन्हें शेखपुरा बुलाया और अपने घर ले गया. इस दौरान आयुष ने उनसे शादी का वादा किया था. इसके बाद उनके साथ उसने शारीरिक संबंध भी बनाया. इस दौरान आयुष ने महिला जवान का भरोसा पूरी तरह जीत लिया. इसके बाद महिला जवान के एसबीआइ खाता से जुड़ा हुआ एयरटेल का सिम भी उसने मांग लिया. पीड़िता ने बताया कि अप्रैल 2021 से फरवरी 2022 तक ट्रेनिंग के दौरान मिलने वाली वेतन की राशि लगभग चार लाख रुपये की निकासी आयुष गौतम ने फोन पे एवं गूगल पे के जरिये कर लिया, हालांकि इस दौरान जरूरत पड़ने पर उसने कभी-कभी दो से तीन हजार रुपये महिला जवान के दूसरे खाते पर भी भेज दिया. महिला ने बताया कि इसके बाद आयुष गौतम ने अपना व्यापार शुरू करने के नाम पर उसने 10 लाख रुपये की रकम मांगी और जल्द ही लौटाने का भरोसा भी दिलाया. इसके बाद महिला जवान ने जून 2022 में पर्सनल लोन निकाल कर अपने खाते का हस्तांतरित चार चेक बिना नाम राशि व दिनांक भरे आयुष को दे दिया. जिसके बाद अलग-अलग व्यक्ति के नाम से उक्त चारों चेक से आयुष ने 10 लाख रुपये की निकासी कर ली. पैसा निकालने के बाद आयुष ने महिला जवान से बात कम करने लगा. पीड़िता ने बताया कि इस दौरान जब भी वह शादी की बात करती तो आयुष पूरी तरह कटने लगा. इसके बाद महिला ने जब छानबीन शुरू की तब उसे पता चला कि आयुष कुमार गौतम पहले से ही शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है. इसके बाद पीड़ित महिला जवान शेखपुरा के टाउन थाना पहुंची और आयुष कुमार गौतम के खिलाफ विवाह करने का झूठा वायदा करके शारीरिक संबंध बनाने, रुपयों की ठगी करने सहित अन्य आरोपों को लेकर प्राथमिकी दर्ज करायी. प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >