रग्बी खिलाड़ियों का राजगीर में महा समागम आज से

राजगीर में एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर की हलचल तेज हो गई है. 20 और 21 अप्रैल को स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सीनियर नेशनल रग्बी सेवन्स चैंपियनशिप 2026 (पुरुष वर्ग) का आयोजन होगा.

राजगीर. राजगीर में एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर की हलचल तेज हो गई है. 20 और 21 अप्रैल को स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सीनियर नेशनल रग्बी सेवन्स चैंपियनशिप 2026 (पुरुष वर्ग) का आयोजन होगा. यह राजगीर और बिहार के लिए केवल एक खेल का आयोजन भर नहीं, बल्कि पहचान और संभावनाओं का बड़ा मंच बनकर सामने आया है. इस प्रतियोगिता में देशभर के 26 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की टीमें हिस्सा लेंगी. खास बात यह है कि इतने कम समय अंतराल में दूसरी बार इतने बड़े स्तर की रग्बी प्रतियोगिता की मेजबानी मिलना, राजगीर की बढ़ती खेल अधोसंरचना और संगठन क्षमता को दर्शाता है. इससे पहले अगस्त 2025 में यहां एशिया रग्बी अंडर-20 सेवन्स चैंपियनशिप का सफल आयोजन हो चुका है, जिसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी राजगीर की पहचान बनायी थी. इस बार का आयोजन कई मायनों में खास है़ एक ओर जहां पश्चिम बंगाल की टीम अपने खिताब की रक्षा के इरादे से मैदान में उतरेगी, वहीं हरियाणा की टीम पिछली हार का बदला लेने के लिए तैयार दिख रही है. मेजबान बिहार की टीम भी घरेलू दर्शकों के समर्थन के साथ बेहतर प्रदर्शन करने की उम्मीद में तैयार है. इससे मुकाबले और भी दिलचस्प होने की संभावना है. आयोजन से स्थानीय स्तर पर भी सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है. होटल, परिवहन, छोटे व्यवसाय और पर्यटन से जुड़े लोगों में उत्साह है, क्योंकि देशभर से खिलाड़ियों और दर्शकों के आगमन से आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है. इंडियन रग्बी फुटबॉल यूनियन के अध्यक्ष राहुल बोस ने इसे भारतीय रग्बी के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया है. वहीं बिहार स्टेट स्पोर्ट्स अथॉरिटी के महानिदेशक रवींद्रण शंकरण ने कहा है कि इस तरह के आयोजनों से राज्य में खेल संस्कृति को मजबूती मिल रही है. युवाओं के लिए नए अवसर खुल रहे हैं. दो दिवसीय यह चैंपियनशिप न केवल खेल कौशल का प्रदर्शन होगी, बल्कि यह भी तय करेगी कि राष्ट्रीय स्तर पर किस टीम का दबदबा कायम रहेगा. राजगीर एक बार फिर देश के खेल प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है. लगातार बड़े आयोजनों की मेजबानी से राजगीर अब खेल मानचित्र पर एक मजबूत और भरोसेमंद स्थल के रूप में अपनी जगह बना रहा है. राजगीर और आसपास के खेल प्रेमियों में कोई खास उत्साह नहीं है. स्थानीय लोगों की शिकायत है कि अप्रैल में नेशनल हाॅकी के बाद नेशनल रग्बी महिला- पुरुष का आयोजन राजगीर के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया गया है. प्रचार प्रसार नहीं होने के कारण इन राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं को देखने वाले दर्शक नहीं दिखायी पड़ते हैं. पैवेलियन खाली और सूना पड़ा रहता है. चैंपियनशिप के प्रतिभागी और दर्शक खिलाड़ी ही होते हैं. बताया जाता है कि शेड्यूल के अनुसार खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन मैदान में करते हैं. बाकी खिलाड़ी दर्शक की भूमिका निभाते हैं. स्थानीय खेल प्रेमियों देवेंद्र प्रसाद, मो नजमी, डाॅ अनिल कुमार एवं अन्य कहते हैं कि राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजन का व्यापक प्रचार प्रसार होता तो इंटरनेशनल आयोजन की तरह इस चैंपियनशिप को देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ जुटती, तब इसकी शोहरत और पहचान तो व्यापक होती ही युवा वर्ग इससे प्रेरित होकर खेल के क्षेत्र में अपना भविष्य ढूढते.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SANTOSH KUMAR SINGH

SANTOSH KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >