Nalanda health camp: भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा नालंदा की ओर से रविवार को श्रम कल्याण केंद्र, बिहारशरीफ स्थित विस्तारित भवन में साप्ताहिक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं. इस दौरान करीब 220 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर इलाज एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया गया.
कई विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की मरीजों की जांच
शिविर में सुबह 7:30 बजे से 9 बजे तक मरीजों की जांच की गयी. शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. नीतीश कुमार, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिनव कुमार सिंह, सर्जन डॉ. आशुतोष कुमार, हड्डी एवं नस रोग विशेषज्ञ डॉ. शंभू कुमार समेत फिजिशियन डॉ. अखिलेश कुमार, डॉ. वीरेंद्र कुमार, डॉ. उमेश कुमार सिन्हा और डॉ. इंद्रजीत कुमार ने मरीजों की जांच की. इसके अलावा दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. उदय देव रंजन, फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. शहजाद आलम, होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. गौतम कुमार एवं डॉ. रितेश कुमार तथा ऑडियोलॉजिस्ट डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने भी मरीजों को आवश्यक परामर्श दिया.
निःशुल्क शुगर जांच और फुल बॉडी चेकअप
शिविर में आने वाले लोगों के लिए निःशुल्क शुगर जांच की सुविधा उपलब्ध करायी गयी. साथ ही मरीजों का फुल बॉडी चेकअप भी किया गया. चिकित्सकों ने लोगों को नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच कराने और समय रहते बीमारी का उपचार कराने की सलाह दी.
जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सेवा पहुंचाना उद्देश्य
भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी जिला शाखा नालंदा की ओर से नागरिकों से अपील की गयी कि वे नियमित रूप से आयोजित होने वाले इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाएं. संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और लोगों को स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक करना है. इस मौके पर राजेश कुमार, बृज बिहारी, स्वधर्म कुमार, अरुण कुमार और संजय कुमार उपस्थित थे.
