शेखपुरा. समाहरणालय के मंथन सभागार में देश भर में होने वाले जनगणना के सफल संचालन के लिए एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम शेखर आनंद एवं एसपी बलिराम कुमार चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम ने जनगणना के रोडमैप पर चर्चा की और महत्वपूर्ण समय-सीमा के सम्बन्ध में बताया. उन्होंने कहा की प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं आवास गणना कार्य किया जायेगा. यह प्रक्रिया 02 से 31 मई तक चलेगा.आम नागरिकों की सुविधा के लिए मुख्य गणना से पहले 15 दिनों की विशेष अवधि दी जा रही है. इस दौरान लोग स्वयं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे. डीएम ने कहा कि जनगणना राष्ट्र के विकास और योजनाओं के निर्माण के लिए एक आधारभूत स्तंभ है. उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से इस डिजिटल पहल (स्व-गणना) का लाभ उठाने और गणना कर्मियों को सटीक जानकारी देकर सहयोग करने की अपील की.एसपी ने सुरक्षा पहलुओं और सुगम संचालन को लेकर विभाग की प्रतिबद्धता दोहराई. इस कार्यक्रम ने जिले में जनगणना अभियान की औपचारिक शुरुआत कर दी है, जिससे आने वाले हफ्तों में प्रशासनिक गतिविधियों में तेजी आएगी. कार्यालय प्रकोष्ठ में अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा विभिन्न पंचायतों के विकास मित्रों को निर्देश दिया गया है कि घर और मकान, परिवारों से संबंधित सही डेटा अपलोडिंग कार्य करेंगे. इसके साथ ही आमजनों से सहयोग करने की अपील की, ताकि इस कार्य को ससमय पूर्ण किया जा सके. बैठक में अपर समहर्ता, उप विकास आयुक्त, उप विकास आयुक्त, विभागीय जाँच, भू अर्जन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उपसमहर्ता, जिला गोपनीय प्रभारी पदाधिकारी के साथ साथ अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी आदि उपस्थित थें.
जिले में जनगणना अभियान की औपचारिक शुरुआत
समाहरणालय के मंथन सभागार में देश भर में होने वाले जनगणना के सफल संचालन के लिए एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
