बिहारशरीफ. लहेरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जो खुद को पुलिसकर्मी बताकर लोगों से अवैध वसूली करता था. आरोपी की पहचान दीपनगर थाना क्षेत्र के डुमरामा गांव निवासी विपिन के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से पुलिस की वर्दी, जूते, टोपी समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं. लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि गुरुवार शाम गश्ती के दौरान पुलिस टीम नाजो मॉल के पास से गुजर रही थी. इसी दौरान एक टोटो चालक भागते हुए पुलिसकर्मियों के पास पहुंचा और मदद की गुहार लगाई. चालक ने बताया कि एक युवक खुद को पुलिसकर्मी बताकर उसे बंधक बनाकर घुमा रहा है और चालान काटने के नाम पर 25 हजार रुपये की मांग कर रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की. पुलिस वाहन को देखते ही युवक भागने लगा, लेकिन गश्ती दल ने पीछा कर उसे दबोच लिया. पूछताछ में उसकी पहचान विपिन के रूप में हुई. तलाशी के दौरान उसके पास से पुलिस की वर्दी और अन्य सामान बरामद हुआ.थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी लंबे समय से खाकी वर्दी का धौंस दिखाकर वाहन चालकों और आम लोगों से ठगी कर रहा था. वह ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन का डर दिखाकर लोगों से मोटी रकम वसूलता था. पुलिस ने जब उसका मोबाइल फोन खंगाला तो उसमें पुलिस की वर्दी पहने कई तस्वीरें मिलीं. इसके बाद पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी की. छापेमारी में पुलिस को एक कमरा मिला, जिसे आरोपी ने नकली कार्यालय की तरह सजा रखा था. वहां से दो-तीन सेट पुलिस वर्दी, जूते, टोपी और अन्य सामान बरामद किए गए. पूछताछ में विपिन ने स्वीकार किया कि वह पिछले डेढ़-दो वर्षों से फर्जी पुलिसकर्मी बनकर मोटरसाइकिल और टोटो चालकों को डरा-धमकाकर पैसे ऐंठ रहा था. हालांकि, उसके पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है. फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि आरोपी ने पुलिस की वर्दी और अन्य सामान कहां से हासिल किए. इस कार्रवाई में एसआई सर्वेश कुमार, ऋतु रंजन और नीतीश रंजन समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.
लहेरी से फर्जी पुलिसकर्मी गिरफ्तार
लहेरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जो खुद को पुलिसकर्मी बताकर लोगों से अवैध वसूली करता था.
