Chandi Chain Snatching Case (दीपक कुमार विश्वकर्मा) : बिहारशरीफ के चंडी थाना क्षेत्र के रुखाई रेलवे अंडरपास में 9 जुलाई की रात हुई छिनतई के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक किशोर को विधि-विरुद्ध निरुद्ध किया है. पुलिस ने उसे जैतीपुर मोड़ से पकड़ा, और किशोर नगरनौसा थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है.
रामप्रवेश शर्मा से लूटपाट की वारदात
थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार झा ने शनिवार को दोपहर करीब दो बजे बताया कि रामप्रवेश शर्मा उर्फ चुन्नू पांडे बाजार से अपने घर लौट रहे थे, तभी रुखाई रेलवे अंडरपास के पास चार पैदल बदमाशों ने उन्हें आगे-पीछे से घेर लिया और उनकी जेब से नौ हजार रुपये नकद व मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए.
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर किशोर की संलिप्तता
घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर चंडी थाना में मामला दर्ज किया गया था. पुलिस ने जांच शुरू कर तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर किशोर की संलिप्तता का पता लगाया, जिसके बाद उसे जैतीपुर मोड़ से पकड़ा गया.
Also Read : गया जी : रक्षाबंधन को लेकर रविवार को भी खुला रहेगा डाकघर, राखी की बुकिंग और डिलीवरी की मिलेगी सुविधा
मोबाइल बरामदगी और कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने पकड़े गए किशोर के पास से छिनतई किया गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है, और उसे विधि के अनुरूप निरुद्ध किया गया है ताकि आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सके.
अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपितों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी और जांच कर रही है ताकि सभी दोषियों को जल्द पकड़ा जा सके.
