Biharsharif Murder Case (अजीत केसरी) : बिहारशरीफ के खोदागंज थाना पुलिस ने विगत 27 जुलाई को दिनदहाड़े हुई हत्या के मामले में सेरथुआ खुर्द गांव निवासी सन्नी पासवान की हत्या के मामले में न्यायालय से जारी आदेश पर घटना में शामिल फरार चल रहे तीन आरोपियों के घर पर पुलिस ने कुर्की जब्ती का इश्तेहार गांव में ढोल-बाजे के साथ ढिंढोरा बजाकर चिपकाया.
सन्नी पासवान की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या
थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार गहलोत ने बतलाया कि विगत दिनों 27 जुलाई को अपराधियों ने सेरथुआ खुर्द गांव में सन्नी पासवान नामक युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस कांड में पुलिस कुछ आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है.
Also Read : गया जी : रक्षाबंधन को लेकर रविवार को भी खुला रहेगा डाकघर, राखी की बुकिंग और डिलीवरी की मिलेगी सुविधा
फरार नामजद आरोपियों की पहचान
इस कांड में जो आरोपी फरार चल रहे हैं, उनमें खोदागंज थाना क्षेत्र के हाजीपुर चंद्र नटई गांव निवासी उमानाथ यादव के दो पुत्रों विकास कुमार एवं अजय कुमार तथा निरंजन यादव के पुत्र गुलशन कुमार शामिल हैं, जिनके घरों पर पुलिस ने ढोल-नगाड़े बजाकर इश्तेहार चस्पा किया.
आत्मसमर्पण नहीं करने पर कुर्की की चेतावनी
पुलिस ने बताया कि इश्तेहार चिपकाने के बाद यदि इन आरोपियों द्वारा न्यायालय या पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं किया जाता है, तो इन तीनों आरोपियों के घरों पर नियमानुसार कुर्की जब्ती की कार्रवाई की जाएगी.
