Biharsharif Electricity Theft बिहारशरीफ के बिंद थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में बिजली विभाग की टीम ने विद्युत चोरी के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाया. इस अभियान के दौरान छह उपभोक्ताओं को अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पकड़ा गया, और विभाग ने सभी पर जुर्माना लगाते हुए बिंद थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है.
जहाना गांव और रामपुर विगहा में कार्रवाई
कनीय विद्युत अभियंता कुमारी श्वेता सिन्हा के नेतृत्व में हुई छापेमारी में जहाना गांव निवासी उर्मिला देवी के कृषि परिसर की जांच की गई, जहां बिजली के तार में टोका लगाकर विद्युत ऊर्जा का उपयोग किया जा रहा था और उन पर 13091 रुपये का जुर्माना लगाया गया.
इसके अलावा, रामपुर विगहा निवासी राहुल कुमार के आवासीय परिसर में सर्विस तार के अतिरिक्त अन्य तार खींचकर बिजली का उपयोग करने पर 20801 रुपये का जुर्माना लगाया गया.
बिना वैध कनेक्शन के बिजली का उपयोग
नीतीश डोम के परिसर में बिना वैध विद्युत कनेक्शन के निम्न विभव पोल के तार में टोका लगाकर बिजली का उपयोग किया जा रहा था, और उन पर 8899 रुपये का जुर्माना लगाया गया. इस प्रकार विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है.
Also Read : गया जी : रक्षाबंधन को लेकर रविवार को भी खुला रहेगा डाकघर, राखी की बुकिंग और डिलीवरी की मिलेगी सुविधा
महमूदाबाद गांव में तीन परिसरों की जांच
महमूदाबाद गांव निवासी ललन साव, सुदीन पासवान और नंदकिशोर पासवान के परिसरों में भी अवैध टोका लगाकर विद्युत ऊर्जा का उपयोग करते पाया गया. इन तीनों पर 8899-8899 रुपये का जुर्माना लगाया गया है.
कनीय अभियंता का बयान और छापेमारी दल
कनीय विद्युत अभियंता ने बताया कि बिजली चोरी के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा. इस छापेमारी दल में तकनीकी श्रेणी-3 के नीतीश कुमार, चंद्रशेखर पासवान सहित अन्य कर्मी शामिल थे.
