Bihar News:(रंजीत कुमार) शेखपुरा जिले के बरबीघा-मेंहुस रोड में भदरथी मोड़ के पास स्थित पुल जर्जर होने लगा है. पुल की सतह कई जगहों से पूरी तरह टूट चुकी है. जिससे लोहे की सरिया तक बाहर निकल आई है.
पुल पर बने बड़े-बड़े गड्ढे और उखड़ी हुई कंक्रीट कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं. इस संबंध में स्थानीय गांव के लोगों ने बताया कि अब तक कई बाइक चालक हादसे का शिकार भी हो चुके हैं.
स्कूल वाहन और निजी वाहन रोज हो रहे है शिकार
इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं.निजी स्कूलो के वाहन भी बच्चों को लेकर इस रास्ते से प्रत्येक दिन गुजरती है.पुल की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर गुजरना पड़ता है.
लोगों ने कहा पुल कमजोर होने के कारण कभी भी यात्री वाहन या बच्चों से भरी स्कूल वाहन पुल के अंदर समा सकती है. खासकर रात के समय और बारिश के दौरान स्थिति भयावह हो जाती है. क्योंकि दूर से गड्ढों का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है.
स्थानीय लोगों ने कहा मेंटेनेंस नहीं होने के कारण पुल जर्जर हो गया है
खासकर बाइक चालको के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बनी रहती है. स्थानीय लोगो ने बताया लगभग 5 साल पूर्व सड़क बनने के दौरान ही पुल का भी निर्माण कराया गया था. मेंटेनेंस नहीं होने के कारण पुल जर्जर हो गया है, और कभी भी टूट सकता है.
पुल की बदहाल स्थिति को लेकर कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को अवगत कराया गया है. लेकिन अब तक मरम्मत की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है.
राहगीरों ने प्रशासन से जल्द पुल की मरम्मत कराने की मांग की है
लोगों ने आरोप लगाया कि प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है.ग्रामीणों और राहगीरों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पुल की मरम्मत कराने की मांग की है.
उनका कहना है कि यदि समय रहते पुल की मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. जिसकी जिम्मेदारी सरकार और संबंधित विभाग की होगी.
Also Read: बेगूसराय में ट्रैक्टर की टक्कड़ से युवक की मौत, चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार
