Nalanda post matric scholarship: नालंदा जिले में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए संचालित प्रवेशिकोत्तर छात्रवृत्ति (पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप) योजना को लेकर जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गयी. उप विकास आयुक्त सारा अशरफ की अध्यक्षता में हुई बैठक में आवेदनों की जांच और सत्यापन के बाद 583 आवेदनों को राज्य स्तर पर भेजने की सर्वसम्मति से स्वीकृति दी गयी.
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, विधायक प्रतिनिधि, अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे. समीक्षा के दौरान वर्ष 2022-23 का एक, वर्ष 2024-25 के 169 तथा वर्ष 2025-26 के 413 आवेदन शामिल पाये गये.
15 सितंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
उप विकास आयुक्त ने बताया कि सत्र 2026-27 में कक्षा 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर और तकनीकी पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थी पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गयी है.
अनुसूचित जाति एवं जनजाति के विद्यार्थी scstpmsonline.bihar.gov.in तथा पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थी pmsonline.bihar.gov.in पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं. संस्थानों के लिए instpmsonline.bihar.gov.in पोर्टल निर्धारित किया गया है.
आवेदन के लिए ये दस्तावेज जरूरी
छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, बोनाफाइड, जाति, निवास एवं आय प्रमाण-पत्र, फीस रसीद, आधार कार्ड और बैंक खाते का विवरण तैयार रखना होगा. डीबीटी के माध्यम से छात्रवृत्ति की राशि प्राप्त करने के लिए आधार का बैंक खाते से सीड होना भी आवश्यक है.
लंबित आवेदनों का शीघ्र करें निष्पादन
बैठक में अधिकारियों को लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया गया. अधिकारियों से कहा गया कि पात्र विद्यार्थियों को योजना का लाभ समय पर दिलाने के लिए आवेदन की जांच और सत्यापन की प्रक्रिया में तेजी लायी जाए.
