नालंदा स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज निर्माण को मंजूरी, यात्रियों को मिलेगी राहत

रेलवे के इस निर्णय से हजारों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है.

राजगीर. नालंदा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ी एक बड़ी समस्या के समाधान की दिशा में रेलवे द्वारा अहम कदम उठाया गया है. लंबे समय से वहां फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) निर्माण की मांग की जा रही थी. आखिरकार रेलवे प्रशासन ने इसकी मंजूरी दे दी है. रेलवे के इस निर्णय से हजारों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है. अबतक जो यात्री जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक पार करने को मजबूर थे. उन्हें सुरक्षित व्यवस्था मिलेगी. अब तक इस स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक से दो तक जाने और आने के लिए न तो कोई फुट ओवर ब्रिज है और न ही अंडरपास की सुविधा. ऐसे में रोजाना बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे सहित बड़ी संख्या में यात्री पटरियों को पार कर प्लेटफाॅर्म एक से दो और दो से एक आवागमन करते हैं. कई बार ट्रेन के अचानक आ जाने से अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो जाती है और बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है. इस गंभीर मुद्दे को वाराणसी के अधिवक्ता अभिषेक जायसवाल ने प्रमुखता से उठाया है. उन्होंने रेलवे के उच्चाधिकारियों को पत्र लिखकर इसे यात्रियों के जीवन के अधिकार से जुड़ा मामला बताया और समय रहते समाधान नहीं होने पर प्रशासन को जिम्मेदार ठहराने की चेतावनी भी दी. उनके लगातार प्रयास और कानूनी हस्तक्षेप के बाद मामला तूल पकड़ता गया. मामले पर संज्ञान लेते हुए दानापुर रेल मंडल ने इस मुद्दे पर पहल की, अपर मंडल रेल प्रबंधक राजीव कुमार ने पुष्टि की कि लगभग तीन मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज के निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है. जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जायेगा. अधिवक्ता अभिषेक जायसवाल ने इस निर्णय को यात्रियों की सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम बताया. उन्होंने कहा कि जबतक पुल का निर्माण पूरा नहीं हो जाता है, तब तक रेलवे प्रशासन को अतिरिक्त सुरक्षा उपाय और आरपीएफ की तैनाती सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AMLESH PRASAD

AMLESH PRASAD is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >