प्राचीन नालंदा में खुदाई के दौरान मिली दुर्लभ प्रतिमा

प्राचीन ज्ञान के केंद्र नालंदा में एक बार फिर इतिहास की धरोहर सामने आई है. नालंदा के सिलाव प्रखंड के अंतर्गत नव नालंदा महाविहार के सामने स्थित एक तालाब की खुदाई के दौरान सोमवार को मां लक्ष्मी की एक प्राचीन प्रतिमा मिली है.

बिहारशरीफ. प्राचीन ज्ञान के केंद्र नालंदा में एक बार फिर इतिहास की धरोहर सामने आई है. नालंदा के सिलाव प्रखंड के अंतर्गत नव नालंदा महाविहार के सामने स्थित एक तालाब की खुदाई के दौरान सोमवार को मां लक्ष्मी की एक प्राचीन प्रतिमा मिली है. प्रतिमा पर पाए गए अभिलेखों ने पुरातत्वविदों के बीच उत्साह की लहर पैदा कर दी है. कुछ दिन पूर्व नव नालंदा महाविहार के समीप स्थित तालाब की सफाई और खुदाई की जा रही थी. इस दौरान तालाब के किनारे लगे मिट्टी के ढेर को हटाते समय श्रमिकों को एक प्रतिमा दिखाई दी, जिसकी पहचान प्रारंभिक तौर पर मां लक्ष्मी की प्रतिमा के रूप में की गई है. मामले की सूचना मिलते ही पुरातत्व विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और प्रतिमा को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया. सहायक अधीक्षण पुरातात्विद डॉ. मोहम्मद अजहर साबिर ने इस खोज के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया की “नालंदा नव विहार परिसर के बाहर स्थित तालाब की खुदाई के दौरान मिट्टी के बीच से यह प्रतिमा निकली. जैसे ही हमें इसकी सूचना मिली, हम मौके पर पहुंचे और प्रतिमा को सुरक्षित कब्जे में ले लिया. प्रतिमा की माप लगभग 50 सेंटीमीटर ऊंचाई, 33 सेंटीमीटर चौड़ाई और 15 सेंटीमीटर गहराई है. लेकिन इस प्रतिमा को विशेष बनाता है इस पर उत्कीर्ण कई अभिलेख, जिनके अध्ययन से प्राचीन नालंदा के इतिहास पर नया प्रकाश पड़ सकता है. डॉ. साबिर ने आगे बताया, प्रतिमा पर कई स्थानों पर अभिलेख पाए गए हैं. इन अभिलेखों को पढ़ने के लिए हमने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के ग्राफिक विशेषज्ञों को फोटोग्राफ्स भेजे हैं. विस्तृत अध्ययन के बाद ही हम निश्चित रूप से बता पाएंगे कि यह किसकी प्रतिमा है और इस पर क्या लिखा है. इतिहासकारों के अनुसार, नालंदा खंडहर के आसपास के क्षेत्र में आज भी कई प्राचीन प्रतिमाएं और कलाकृतियां मिलती रहती हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय न केवल शिक्षा का केंद्र था, बल्कि कला और संस्कृति का भी महत्वपूर्ण स्थल था.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >