Kal Ka Mausam: बिहार में मानसून की रफ्तार फिलहाल कमजोर है. इसके बावजूद सोमवार यानी 24 अगस्त को मौसम करवट ले सकता है. मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में बारिश, मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवा को लेकर अलर्ट जारी किया है.
उत्तर-पश्चिमी बिहार में बारिश का असर ज्यादा दिख सकता है. वहीं दक्षिणी और उत्तर-मध्य बिहार के कुछ हिस्सों में भी बारिश होने की संभावना है.
5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
24 अगस्त को पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में तेज हवा के साथ भारी बारिश की चेतावनी है. मौसम विभाग के अनुसार इन इलाकों में मेघ गर्जन और वज्रपात की भी संभावना है. लोगों को मौसम खराब होने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
पटना समेत 19 जिलों में येलो अलर्ट
ऑरेंज अलर्ट के अलावा 19 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इनमें पटना, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, गया, शेखपुरा, नवादा और बेगूसराय समेत अन्य जिले शामिल हैं. इन इलाकों में भी बारिश के साथ तेज हवा और वज्रपात की संभावना है. हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव बढ़ाएगा बारिश
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्र में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. इसके अगले 24 घंटे में उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने की संभावना है. इसके असर से बिहार के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ सकती हैं.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
खुले में निकलने से बचें
24 अगस्त को उत्तर-पश्चिमी बिहार के कई जिलों में वज्रपात और तेज हवा की आशंका है. दक्षिण बिहार के सभी जिलों में भी मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवा चल सकती है.
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि बिजली चमकने और बादल गरजने के दौरान खुले मैदान में न रहें. पेड़ और बिजली के खंभों से भी दूरी बनाए रखें. किसानों को भी खेतों में काम करते समय मौसम का ध्यान रखने की सलाह दी गई है.
कमजोर रहा मानसून, फिर भी कई जगह बारिश
पिछले 24 घंटों में बिहार में मानसून की गतिविधि कमजोर रही. हालांकि उत्तर-पश्चिमी हिस्से के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई. उत्तर-मध्य और दक्षिणी बिहार के कुछ हिस्सों में भी बारिश दर्ज की गई.
रविवार को फॉरबिसगंज में अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं मोतिहारी में न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा. जीरादेई में सबसे अधिक 51.2 मिमी, हथुआ में 49.2 मिमी और महाराजगंज में 37 मिमी बारिश दर्ज की गई.
