Bihar Train News: गर्मी की छुट्टियों के दौरान ट्रेनों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने राहत भरा फैसला लिया है. दानापुर-बेंगलूरु और सरायगढ़-देवघर स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ दिए गए हैं. इसके साथ ही अब इन दोनों ट्रेनों का परिचालन 15 जुलाई तक होगा. पूर्व मध्य रेलवे की ओर से इसे लेकर आधिकारिक पुष्टि की गई है.
दानापुर-बेंगलूरु का जानिए बदला हुआ रूट
इससे बिहार और झारखंड के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी. इसके अलावा, दानापुर-बेंगलुरु स्पेशल ट्रेन के रूट में भी बदलाव किया गया है. ट्रेन नंबर- 03251/03252 (दानापुर-एसएमवीबी-दानापुर स्पेशल) अब 15 जुलाई तक चलेगी और डीडीयू, प्रयागराज चिवकी, जबलपुर, नागपुर और विजयवाड़ा होते हुए बेंगलुरु पहुंचेगी.
जानकारी के मुताबिक, पहले यह ट्रेन पेरम्बूर और काटपाडी होते हुए चलती थी. नए रूट में गुंटूर, गूटी, धर्मवरम और येलाहांका शामिल होंगे. दानापुर-एसएमवीबी स्पेशल (03251) 1 जून से 15 जुलाई तक हर रोज दोपहर 3:00 बजे दानापुर से रवाना होगी और तीसरे दिन दोपहर 2:30 बजे बेंगलुरु पहुंचेगी.
वापसी में ट्रेन (03252 एसएमवीबी-दानापुर स्पेशल) 3 जून से 18 जुलाई तक हर रोज रात 11:50 बजे बेंगलुरु से रवाना होगी और तीसरे दिन रात 11:55 बजे दानापुर पहुंचेगी. यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए इस स्पेशल ट्रेन में एक्सट्रा कोच जोड़े गए हैं, जिनमें दो एसी सेकंड श्रेणी, तीन एसी थर्ड श्रेणी, दस स्लीपर श्रेणी और सात सामान्य कोच शामिल हैं.
सरायगढ़-देवघर स्पेशल ट्रेन की टाइमिंग
इसके अलावा, सरायगढ़-देवघर-सरायगढ़ एमईएमयू स्पेशल ट्रेन (05573/05574) के परिचालन का समय भी बढ़ा दिया गया है. यह 1 जून से 15 जुलाई तक हर रोज चलेगी. यह एमईएमयू स्पेशल सुपौल, सहरसा, सिमरी बख्तियारपुर, मानसी, खगड़िया, मुंगेर, सुल्तानगंज, भागलपुर और बांका होते हुए जाएगी.
सरायगढ़-देवघर स्पेशल ट्रेन (05573) सरायगढ़ से सुबह 3:05 बजे रवाना होगी और सुबह 11:20 बजे देवघर पहुंचेगी. वापसी की ट्रेन (05574 देवघर-सारागढ़ स्पेशल) देवघर से सुबह 11:35 बजे रवाना होगी और रात 10:15 बजे सारागढ़ पहुंचेगी. बढ़ती मांग को देखते हुए यह समय बढ़ाया गया है और इससे बिहार से बेंगलुरु और देवघर जाने वाले यात्रियों की यात्रा में काफी सुविधा होने की उम्मीद है.
