Bihar Ration Card Block: बिहार में राशन कार्ड धारकों के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. जिन लोगों ने पिछले 6 महीने से जन वितरण प्रणाली यानी PDS दुकान से राशन नहीं लिया है, उनके राशन कार्ड को 1 अक्टूबर 2026 से अस्थायी रूप से ब्लॉक किया जा सकता है.
सरकार ऐसे कार्डधारकों को साइलेंट कार्डधारक मान रही है. केंद्रीय खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग की दिल्ली में हुई बैठक के बाद राज्य सरकार ने ऐसे कार्डों की जांच और कार्रवाई को लेकर सख्ती बढ़ाने का फैसला किया है.
21 सितंबर तक राशन उठाने का मौका
अगर आपका राशन कार्ड भी लंबे समय से इस्तेमाल नहीं हुआ है, तो अभी उसे चालू रखने का मौका है. ऐसे कार्डधारकों को 21 सितंबर 2026 तक अपने नजदीकी PDS डीलर से राशन उठाना होगा.
तय तारीख तक राशन उठा लेने पर कार्ड एक्टिव रहेगा. वहीं, 21 सितंबर तक राशन नहीं उठाने वाले कार्डधारकों के लिए 1 अक्टूबर से राशन मिलना बंद हो सकता है.
किन कार्डों पर सरकार की नजर है?
सरकार की जांच में ऐसे मामले भी सामने आए हैं, जहां कुछ लोगों ने राशन कार्ड का इस्तेमाल मुफ्त अनाज के अलावा दूसरी सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए किया.
इनमें आयुष्मान भारत योजना और मंइयां सम्मान योजना जैसी योजनाएं शामिल हैं. ऐसे कुछ कार्डधारक लंबे समय से PDS दुकान से राशन नहीं उठा रहे हैं.
फर्जी लाभार्थियों पर भी होगी कार्रवाई
सरकार ऐसे फर्जी या केवल कागजों पर मौजूद लाभार्थियों की पहचान करने की तैयारी में है. जांच के बाद ऐसे कार्डों को स्थायी रूप से रद्द किया जा सकता है.
इस कार्रवाई का मकसद ऐसे कार्डों को हटाना है, ताकि राशन का लाभ उन लोगों तक पहुंच सके जिन्हें वास्तव में इसकी जरूरत है.
1 अक्टूबर के बाद भी मिलेगा सुधार का मौका
1 अक्टूबर 2026 से जिन राशन कार्डों को ब्लॉक किया जाएगा, उनके लिए सुधार का रास्ता पूरी तरह बंद नहीं होगा. केंद्रीय मंत्रालय की ओर से जारी गजट नोटिफिकेशन के अनुसार, ऐसे कार्डधारकों को 3 महीने का अतिरिक्त समय दिया जाएगा.
1 अक्टूबर 2026 से 1 जनवरी 2027 तक विशेष अभियान चलाया जाएगा. इस दौरान अधिकारियों की ओर से जमीनी स्तर पर कार्डधारकों का वेरिफिकेशन किया जाएगा.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
e-KYC पूरा होने पर दोबारा शुरू हो सकता है कार्ड
इस विशेष अभियान के दौरान ब्लॉक किए गए राशन कार्डधारक अपना e-KYC पूरा करा सकते हैं. वेरिफिकेशन और e-KYC की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र कार्डधारकों का कार्ड दोबारा शुरू किया जा सकता है.
इसलिए अगर आपने पिछले 6 महीने से PDS दुकान से राशन नहीं लिया है, तो 21 सितंबर 2026 से पहले अपने डीलर से संपर्क करें. समय पर राशन उठाने से 1 अक्टूबर से कार्ड ब्लॉक होने की स्थिति से बचने का मौका मिलेगा.
इसे भी पढ़ें: BDO आनंद कुमार के पांच ठिकानों पर EOU की छापेमारी, 1.71 करोड़ की अकूत संपत्ति का खुलासा
