Bihar News: बिहार की राजधानी पटना से सटे पालीगंज में शनिवार की देर रात अंकुरी गांव स्थित प्राचीन ठाकुरबाड़ी में घुसकर शातिर चोरों ने भगवान लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान जी की अष्टधातु की मूर्तियां गायब कर दीं.
रविवार सुबह जब ग्रामीण रोज की तरह पूजा-अर्चना के लिए ठाकुरबाड़ी मंदिर पहुंचे, तो मंदिर का नजारा देखकर सन्न रह गए. मूर्तियों के गायब होने की खबर गांव में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ मंदिर परिसर में जमा हो गई.
9 तालों की सुरक्षा भी रही नाकाम
चोरों के दुस्साहस का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने मंदिर में प्रवेश के लिए एक-दो नहीं, बल्कि पूरे नौ ताले तोड़े. यह साफ संकेत है कि अपराधी पहले से पूरी तैयारी के साथ आए थे.
ग्रामीणों के अनुसार, इन मूर्तियों का ऐतिहासिक महत्व है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत करोड़ों में आंकी जा रही है.
ग्रामीणों में आक्रोश
अंकुरी गांव की इस ठाकुरबाड़ी का इतिहास काफी पुराना है और यह ग्रामीणों की आस्था का बड़ा केंद्र है. यह पहली बार नहीं है जब इस ठाकुरबाड़ी को निशाना बनाया गया हो.
ग्रामीणों ने बताया कि करीब सात और बीस साल पहले भी यहां से मूर्तियां चोरी हुई थीं, जिन्हें काफी कोशिशों के बाद बरामद किया गया था. बार-बार हो रही इन घटनाओं ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
जांच में जुटी पुलिस
वारदात की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी राजीव चंद्र सिंह और थानाध्यक्ष सुमन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने मंदिर परिसर का बारीकी से मुआयना किया है. डीएसपी ने बताया कि चोरों की पहचान के लिए तकनीकी टीम और डॉग स्क्वायड की मदद ली जा रही है.
पुलिस को संदेह है कि इस वारदात के पीछे मूर्तियों की तस्करी करने वाला कोई बड़ा अंतरराज्यीय गिरोह हो सकता है.
Also Read: JDU विधायक पप्पू पांडे के घर पर रेड, SP विनय तिवारी पूरी टीम के साथ पहुंचे आवास
