Bihar News: भोजपुर में अपराधियों ने छात्र को मारी गोली, हालत गंभीर, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस ने घटना में शामिल अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिए जाने का भरोसा दिलाया है.

आरा. बिहार में बेखौफ अपराधी अब पुलिस को खुलेआम चुनौती दे रहे हैं. भोजपुर जिले के नवादा थाना क्षेत्र के अनाईठ मठिया मोड़ के पास गुरुवार को बदमाशों ने दिनदहाड़े एक छात्र को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायल छात्र को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बतायी जा रही है.

घटना के संबंध में बताया जाता है कि गुरुवार की सुबह चार की संख्या में अपराधी आये और चाय की दुकान पर चाय पी रहे छात्र को गाली मार कर भाग गये. घायल छात्र की पहचान अनाईठ मठिया मोहल्ला निवासी अरुण उदय कुमार चौधरी के 22 वर्षीय पुत्र राज कुमार चौधरी के रूप में की गयी है. अपराधियों ने राज कुमार चौधरी को दो गोलियां मारी है.

घायल छात्र राज कुमार ने बताया कि वह अपने घर से चचेरे भाई अंकित साथ बाइक पर सवार होकर अनाईठ मठिया मोहल्ले के पास चाय पीने के लिए चाय की दुकान पर गया था. इसी दौरान चार की संख्या में आये अपराधियों ने उसपर फायरिंग शुरू कर दी. दो गोलियां उसके शरीर में लगी है. इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

इधर, घटना की सूचना मिलते ही आरा सदर अस्पताल पहुंचे एएसपी हिमांशु और नवादा थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने घटना की जानकारी ली. फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है. पुलिस अपराधियों की पहचान के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है. पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस ने घटना में शामिल अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिए जाने का भरोसा दिलाया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >