Bihar Nepal Border: बिहार में नेपाल से लगी सीमा की सुरक्षा को और मजबूत करने का फैसला लिया गया है. मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने पुलिस अधिकारियों को सीमा पर 24 घंटे गश्त करने का निर्देश दिया है. उन्होंने बॉर्डर पर स्थित 70 पुलिस थानों को 194 एसएसबी बीओपी के साथ मिलकर काम करने को कहा है. सोमवार को हुई बैठक में भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा, सीमा से जुड़े अपराध, आतंकवाद और आर्थिक सुरक्षा जैसे मुद्दों की समीक्षा की गई.
सात जिलों की सुरक्षा पर हुई चर्चा
बैठक में बिहार के सात सीमावर्ती जिलों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई. इनमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज शामिल हैं. मुख्य सचिव ने पुलिस और एसएसबी के बीच बेहतर तालमेल करने को कहा. बिहार की नेपाल से लगी सीमा 735 किलोमीटर लंबी है. इस पूरे क्षेत्र में 194 एसएसबी बीओपी और 70 सक्रिय पुलिस थाने काम कर रहे हैं.
नशे और हथियारों की तस्करी पर सख्ती
मुख्य सचिव ने नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी रोकने के लिए पुलिस और उत्पाद विभाग को सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने नशे से जुड़े मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने और पीआईटी एनडीपीएस कानून का सही तरीके से इस्तेमाल करने को कहा.
हाल के आंकड़ों के अनुसार, बॉर्डर से सटे जिलों में 20625 किलोग्राम गांजा, 61.85 किलोग्राम चरस और 198656 नशीली गोलियां समेत अन्य नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं. इन मामलों में 1023 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
फर्जी आधार और सिमबॉक्स फ्रॉड पर भी नजर
बैठक में फर्जी आधार, सिमबॉक्स फ्रॉड और शेल कंपनियों के जरिए होने वाले गलत कामों पर भी चर्चा हुई. इन नेटवर्क को खत्म करने के लिए आर्थिक अपराध इकाई और जिला पुलिस को मिलकर अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है. इसके अलावा सभी बैंक शाखाओं, खासकर सहकारी बैंकों में नकली नोट पहचानने वाली मशीनों को 100 प्रतिशत चालू रखने का आदेश दिया गया.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
सीमावर्ती गांवों में कनेक्टिविटी सुधारने पर फोकस
सरकार ने सीमावर्ती गांवों के विकास पर भी ध्यान देने को कहा है. वाइब्रेंट विलेज परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया गया है. इसके तहत 1,105 परियोजनाओं को तय समय में पूरा करने की बात कही गई है. साथ ही सीमा से लगे गांवों में मोबाइल और टेलीकॉम कनेक्टिविटी बेहतर करने पर भी जोर दिया गया है.
इसे भी पढ़ें: लखीसराय के अशोक धाम में कैसे मची भगदड़? 7 की मौत, 12 से ज्यादा घायल, जानें पूरा मामला
