Bihar Rain Alert: बिहार में मॉनसून एक्टिव होने की वजह से कई जिलों में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है. गुरुवार को राज्य के 27 जिलों में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में रहने वाले लोगों को आज मौसम को लेकर थोड़ी सावधानी बरतने की अपाल की गई है. खासकर किसानों को बिगड़े मौसम के दौरान खेतों में काम करने से बचने की सलाह दी गई है.
तेज हवा के साथ बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, इन जिलों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. अगले दो से तीन दिनों तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है. कहीं बादल छाए रहेंगे, तो कहीं अचानक बारिश शुरू हो सकती है. कुछ इलाकों में भारी बारिश भी देखने को मिल सकती है.
इन जिलों में अलर्ट जारी
जिन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है, उनमें पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, शेखपुरा, बेगूसराय, खगड़िया, पटना, जहानाबाद, अरवल, गया, नवादा, जमुई और लखीसराय शामिल है.
बिहार से जुड़ी अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
पटना में मौसम का हाल
राजधानी पटना की बात करें तो यहां आज आसमान में बादलों की आवाजाही जारी रह सकती है. साथ ही हल्की बारिश की संभावना भी है. बारिश हुई तो तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है और उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी. अगले दो दिनों तक पटना का मौसम इसी तरह से बना रह सकता है.
अब भी सामान्य से कम हुई बारिश
मौसम विभाग की माने तो, बिहार में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से करीब 42 प्रतिशत कम बारिश हुई है. 26 अगस्त तक राज्य में 741.2 मिमी के मुकाबले सिर्फ 428.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है. यानी बारिश कम जरूर हुई है, लेकिन आने वाले दिनों में मौसम पूरी तरह शांत होने वाला नहीं है. आने वाले कुछ दिनों तक इसी तरह का मौसम बना रह सकता है.
बिहार में बाढ़ का खतरा
दूसरी तरफ, नेपाल में आई बाढ़ की वजह से बिहार में स्थिति बिगड़ने जैसे हालात हो गए हैं. गंडक नदी का पानी बढ़ता जा रहा है. गंगा नदी भी कई जिलों में अपने खतरे के निशान के आसपास है. कई इलाकों में तो बाढ़ का पानी घुस गया है. इस तरह से लोगों की चिंता बढ़ी हुई है. लेकिन प्रशासन पूरी तरह से हाई अलर्ट मोड में है. बाढ़ की संभावना को देखते हुए तटीय इलाकों में NDFR और SDRF की टीम को तैनात कर दिया गया है.
Also Read: नेपाल में आई फ्लैश फ्लड से बिहार में कितना बड़ा खतरा? सरकार कितनी तैयार, जानिए हर सवाल का जवाब
