Bihar Cabinet Expansion: पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे और जेडीयू नेता निशांत कुमार आज शपथ ग्रहण करेंगे या नहीं, इसकी चर्चा तेज है. आज 30 मंत्री शपथ ग्रहण करेंगे. शपथ ग्रहण समारोह को लेकर गांधी मैदान में तैयारी पूरी कर ली गई है. सूत्र की माने तो, जेडीयू नेताओं की बैठक में निशांत कुमार ने मंत्री पद की जिम्मेदारी लेने पर सहमति जताई है.
जेडीयू से ये सभी नेता ले सकते हैं शपथ
ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार भी मंत्री बनाए जा सकते हैं. सूत्रों के मुताबिक, जदयू कोटे से निशांत कुमार के अलावा डॉ. अशोक चौधरी, श्रवण कुमार, श्री भगवान सिंह कुशवाहा, लेशी सिंह, मदन सहनी, सुनील कुमार, मो जमा खान, श्वेता गुप्ता, अतिरेक कुमार और रत्नेश सदा मंत्री बनाए जा सकते हैं. इनके अलावा कुछ नए नामों पर भी चर्चा की जा रही है.
2 महीने पहले जेडीयू में शामिल हुए थे निशांत कुमार
निशांत कुमार दो महीने पहले (8 मार्च) ही जेडीयू में शामिल हुए थे. राजनीति में एंट्री लेने के बाद बेहद कम समय में ही वे मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं. जेडीयू नेता निशांत कुमार के संभावित मंत्रिमंडल में शामिल होने की खबर की वजह से सियासी हलचल तेज हो गई है. इसे जेडीयू में नई पीढ़ी की एंट्री और पार्टी के भविष्य की रणनीति से जोड़ा जा रहा है.
बीजेपी से ये सभी नेता ले सकते हैं शपथ
सूत्रों की माने तो, बीजेपी कोटे से मंत्री बनने वाले प्रमुख नामों में पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, मंगल पांडेय, डॉ. दिलीप जायसवाल, नीतीश मिश्रा, रमा निषाद, संजीव चौरसिया, रामकृपाल यादव, श्रेयसी सिंह, लखेंद्र पासवान, संजय सिंह टाइगर और अरुण शंकर प्रसाद के नाम लिए जा रहे हैं.
Also Read: शपथ ग्रहण से पहले पटना सज-धज कर तैयार, BJP ऑफिस के सामने कृष्ण भक्तों का भजन कीर्तन
