आरा : बरात से लौट रहे बरातियों से भरी एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गयी, जिससे उसमें सवार दूल्हे के चाचा की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गयी. हादसे में आधा दर्जन लोग जख्मी भी हो गये. घटना अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र के चक टोला गांव के समीप हुई. जख्मियों का इलाज पीरो पीएचसी में कराया गया. घटना के बाद अफरातफरी मच गयी. मृतक पीरो थाना क्षेत्र के चतुर्भुजी बरांव गांव निवासी कुंज बिहारी चौधरी बताये जाते हैं, जो स्व हीरा चौधरी के पुत्र हैं.
जानकारी के अनुसार बरात लौटने के क्रम में अगिआंव बाजार के चक टोला गांव के समीप ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गयी. बरात बक्सर जिले के सोनवर्षा थाना क्षेत्र के सारा गांव से लौट रही थी. ट्रैक्टर पलटने के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गयी. इसके बाद ट्रैक्टर में दबे कुंज बिहारी चौधरी को निकाला गया. हालांकि अस्पताल ले जाने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी. बताया जा रहा है कि चतुर्भुजी बरांव गांव निवासी मृतक के बड़े भाई वीरेंद्र चौधरी के पुत्र पप्पू चौधरी का बरात सारा गांव गया हुआ था. ट्रैक्टर पर समान लदा था.
