आरा : जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बिहिया-पीरो रोड पर मिशन स्कूल के समीप अनियंत्रित सवारी बस ने दो बाइक सवारों को रौंद दिया, जिसमें दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से जख्मी हो गये. दोनों को गंभीर स्थिति में इलाज के लिए जगदीशपुर रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए आरा रेफर कर दिया.
घटना को अंजाम देने के बाद बसचालक बस छोड़कर भाग निकला. जानकारी के अनुसार घायलों में पीरो निवासी अहमद खान तथा जिबराइल खान है. बताया जा रहा है कि दोनों बाइक से जगदीशपुर से पीरो जा रहे थे. इसी क्रम में बस ने बाइक को टक्कर मार दी. बस की टक्कर से दोनों बाइक सवार चाट में पलट गये और बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गयी. दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गये थे.
