परीक्षा में बैठने को लेकर हुआ था दो दिन पहले विवाद
आरा/संदेश : संदेश थाना पुलिस ने शनिवार को संदेश स्थित सुहासत सहदेव इंटर स्तरीय उच्च विद्यालय से एक इंटर के छात्र को देशी तमंचा और गोली के साथ गिरफ्तार कर लिया. इस घटना के बाद स्कूल में अफरातफरी मच गयी. पकड़ा गया छात्र अहपुरा गांव निवासी सर्वजीत सिंह का पुत्र धर्मजीत कुमार बताया जाता है, जो इसी स्कूल का छात्र भी है.
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को विद्यालय में प्रथम पार्ट का परीक्षा चल रहा था. इसी दौरान परीक्षा में बैठने को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें मारपीट भी हुई थी. इसी को लेकर शनिवार को उक्त छात्र धर्मजीत कुमार हथियार लेकर स्कूल में आया हुआ था और हंगामा कर रहा था. तब जाकर इसकी सूचना संदेश थाना को दी गयी. मौके पर पहुंची संदेश थाना पुलिस को देख कर उक्त छात्र भागने लगा, जिसके बाद पुलिस ने उसे दौड़ा कर पकड़ लिया.
पुलिस नहीं पहुंचती, तो हो सकता था बड़ा हादसा
पुलिस के हत्थे चढ़ा इंटर का छात्र शनिवार को स्कूल के बाहर हथियार लहरा रहा था. इस दौरान वह किसी को मारने की योजना बना रहा था. जब स्कूल के छात्रों ने उसे पकड़ना चाहा तब तक उसने ट्रिगर दबा दिया था. हालांकि फायर नहीं होने के कारण बड़ा हादसा टल गया. इसी बीच छात्र एवं स्कूल प्रशासन ने इसकी सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने दौड़ा कर उसे धर दबोचा. संदेश थाना पुलिस ने उक्त छात्र के विरुद्ध आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज करते हुए उसे जेल भेज दिया.
