अफरातफरी. जगदीशपुर के कौरा गांव में आयी थी बरात
तीन की संख्या में आरोपितों ने दिया घटना को अंजाम
आरा/जगदीशपुर : जगदीशपुर थाना क्षेत्र के कौरा गांव में शुक्रवार को शादी समारोह में आयी नाच देखने के दौरान गोली चली, जिसमें एक दुकानदार को गोली लग गयी, गोली लगने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया. जख्मी हालत में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया. जहां शनिवार को चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पटना भेज दिया. गोली दुकानदार के पेट में लगी है. जानकारी के अनुसार इस घटना में जख्मी दुकानदार पप्पू सिंह बताया जाता है, जो कौरा गांव निवासी अनुराग सिंह का पुत्र है. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि कौरा गांव में अर्जुन सिंह के पुत्री की शादी थी. बरात में नाच भी आयी थी.
पप्पू सिंह सामियाना में नाच देख रहा था. नाच देखने के बाद जब वह अपने घर की तरफ आने लगा तभी बाइक पर सवार तीन लोगों ने गोली मार दी. गोली चलने की आवाज सुन कर सामियाना से कुछ लोग दौड़ कर आये तो देखे की पप्पू सिंह गिरा हुआ है. स्थानीय लोगों ने तुरंत उठाकर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया. हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि बाइक पर तीन लोग सवार थे, जिनके द्वारा गोली चलायी गयी. जबकि रात होने का फायदा उठाकर बाइक सवार आरोपित भागने में सफल रहे. किसी ने उनका चेहरा नहीं देखा. इस संबंध में जख्मी के बयान पर अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है.
शादी समारोह में असलहों का प्रदर्शन बना फैशन : शादी समारोह में असलहों का प्रदर्शन फैशन बनते जा रहा है. असलहों का प्रदर्शन के कारण शादी समारोह में फायरिंग होती है, जिसमें कई प्रकार की घटनाएं घटित होती है. भोजपुर जिले में यह प्रचलन बढ़ते जा रहा है. आंकड़ों पर अगर गौर करें तो भोजपुर जिले में दो वर्षों के अंदर दो दर्जन से अधिक मामले प्रतिवेदित हुए है. हालांकि पुलिस इस मामले में किसी प्रकार के कार्रवाई नहीं हुई. जबकि पुलिस द्वारा पूर्व में शादी समारोह के दौरान फायरिंग होने पर वर पक्ष और वधू पक्ष दोनों पर कार्रवाई करने की बात कही गयी थी.
