आरा : पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शराबबंदी को लेकर जिलाधिकारी डॉ बीरेंद्र प्रसाद यादव की अध्यक्षता में बैठक हुई. बैठक में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक क्षत्रनील सिंह ने अधिकारियों को कड़ा निर्देश देते हुए कहा कि हर हाल में शराबबंदी को सख्ती से लागू किया जाये. जिलाधिकारी ने कहा कि इसके लिए जिले की सीमा क्षेत्र पर प्वाइंट बनाकर इसकी निगरानी की जाये. जिले के बाहर से किसी भी सूरत में अवैध रूप से शराब नहीं आनी चाहिए.
उन्होंने शराब के धंधेबाजों पर नकेल कसने का आदेश थानाध्यक्षों को दिया तथा कहा कि थाने की पुलिस लगातार पेट्रोलिंग करें. जिस थाना क्षेत्र में शराब पकड़ी जायेगी, उस थाने के थानाध्यक्ष पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने कहा कि इसके लिए जिले की सीमा को सील किया जाये. वहीं पुलिस अधीक्षक क्षत्रनील सिंह ने कहा कि थानाध्यक्ष शराबबंदी को लेकर चौकस रहें. थाना क्षेत्र में शराब के धंधेबाजों को चिन्हित कर उन पर कार्रवाई करें, ताकि इस योजना को सफल बनाया जा सके.
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर हाल में शराबबंदी लागू हो. कहीं से भी इसकी शिकायत नहीं आये. जिस थाना क्षेत्र में शराब बिक्री या शराब बनाने की शिकायत मिलेगी, उसके थानाध्यक्ष को अविलंब निलंबित कर दिया जायेगा. बतादें कि दो दिन पहले शराबबंदी को लेकर मुख्यमंत्री ने वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों को शराबबंदी को लेकर कड़ा निर्देश दिया था.
