थाने से महज तीन सौ मीटर की दूरी पर हुई घटना
साहेबपुरकमाल : स्थानीय थाने से महज तीन सौ मीटर की दूरी पर स्थित बोलबम पेट्रोल पंप पर शुक्रवार की हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोल कर एक लाख रुपये तथा पांच मोबाइल लूट लिये. इस दौरान अपराधियों ने कैश काउंटर पर तोड़फोड़ कर कर्मी के साथ मारपीट व फायरिंग भी की. पिस्तौल के बट से मार कर पंप कर्मी दीपक कुमार को घायल कर दिया.
डीएसपी रंजन कुमार, इंस्पेक्टर तारणी सिंह व थाना प्रभारी राजेश कुमार ने अपराधियों का पीछा किया, लेकिन सफलता नहीं मिली. बताया जाता है कि शुक्रवार की रात करीब साढ़े नौ बजे दो अपाची बाइक पर सवार चार लुटेरों ने पेट्रोल पंप के काउंटर पर बैठे कर्मी को हथियार का भय दिखा कर कब्जे में ले लिया. इसके बाद अपराधियों ने काउंटर से 40 हजार और नोजल कर्मी से करीब 60 हजार रुपये लूट लिये. विरोध करने पर पंप कर्मी दीपक कुमार के सिर पर पिस्तौल के बट से मार कर जख्मी कर दिया.
अपराधी फायरिंग करते हुए बाइक से पश्चिम दिशा की ओर फरार हो गये. लुटेरों ने पंप पर तेल लेने पहुंचे एक पान पत्ता व्यवसायी से भी दो सौ रुपये और मोबाइल लूट लिये. पंप कर्मी ने बताया कि लुटेरों की एक बाइक बिना नंबर की दूसरी के नंबर प्लेट पर अशोक स्तंभ का लोगो था. सभी के पास हथियार थे. एक अपराधी हेलमेट पहने था. अपराधियों ने पिस्तौल की बट से काउंटर का शीशा भी तोड़ दिया. मौके पर पहुंचे बलिया डीएसपी रंजन कुमार ने बताया कि पेट्रोल पंप मालिक ने कहने के बाद भी सीसीटीवी नहीं लगवाया था. अगर सीसीटीवी लगा होता तो अपराधियों की पहचान करना आसान होता.
विरोध करने पर अपराधियों ने कर्मी को पिस्तौल के बट से पीटा
