पुपरी : राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सह हिंदुस्तानी अवाम पार्टी(सेकुलर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने राजकपूर अभिनीत फिल्म अनाड़ी के गीत ‘सब कुछ सीखा हमने, न सीखी होशियारी. सच है दुनिया वालों, हम हैं अनाड़ी’ को उद्धित करते हुए कहा कि अगर मैं होशियारी सीखा रहता तो आठ माह के बजाय 15 माह मुख्यमंत्री के कुरसी पर विराजमान रहता.
रविवार को प्रखंड के आवापुर गांव स्थित गांधी मैदान में महती सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मैंने 2015 के विधानसभा चुनाव में सबको आगाह किया था. परंतु लोग नहीं समझे और महागंठबंधन की सरकार बनायी. दो वर्ष गुजर गया, परंतु बिहार की विकास शून्य है. बिहार में विकास की स्थिति ऐसी है कि सरकार अपने बजट का 62% भी खर्च नहीं कर पायी हैं. ऊपर से केंद्र सरकार पर विकास में अवरोध पैदा करने का आरोप लगाया जा रहा है. राज्य के विकास के लिए आवंटित राशि में अब केंद्र सरकार के द्वारा 60%की राशि दी जाती है जबकि 40% राशि राज्य सरकार को स्वयं व्यय करना होता है. जिसमें नीतीश कुमार सक्षम नहीं हैं.
किसानों का शोषण कर रही सरकार: उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च कर राज्य सरकार सत्याग्रह शताब्दी वर्ष मना रही हैं, जबकि किसानों का शोषण हो रहा हैं. गांधी जी ने किसानों के हित में सत्याग्रह किया था. कहा कि हमने किसानों के बिजली बिल माफ कर दिया था. जिससे नितिश सरकार ने रद्द कर दिया. उन्होंने कहा ‘जिसके पैर न फटे बेमाई, वो क्या जाने पिड़ परायी’. नीतीश कुमार किसानों के कष्ट व परेशानी को क्या समझेगें? अगर समझते तो किसानों के बिजली बिल माफ रद्द नहीं करते. उन्होंने शराब बंदी को असफल और गरीब का शोषण बताया.
पूर्व मंत्री शाहिद अली खान ने श्री मांझी का स्वागत करते हुए कहा कि आजादी के बाद से अब तक किसी हुकूमत में जितना विकास कार्य नहीं हुआ था, उससे अधिक विकास कार्य श्री मांझी ने अपने आठ माह के कार्यकाल में कर दिखाया. यह कुछ लोगों को नहीं पचा और घबराहट में इन्हें कुरसी से हटा दिया और मुझे आप लोगों ने वोट नहीं देकर हरा दिया.
आपलोगों ने ऐसे लोग को जिताया जिसके घर व पिता का भी नाम नहीं जानते हैं. सभा की अध्यक्षता पार्टी के जिलाध्यक्ष रामस्नेही पाण्डेय ने की. संचालन भाजपा नेता कार्तिकेश झा व धन्यवाद ज्ञापन रालोसपा(अरुण गुट) के जिलाध्यक्ष श्रीनिवास कुमार मिश्रा ने किया. सभा को लोजपा के जिलाध्यक्ष मोहन झा, जितेंद्र कुमार, संदीप ठाकुर, किसलय कुमार, अखिलेश पाठक, राकेश पाठक, उमेश साह, सीताराम मुखिया समेत अन्य लोगों ने भी संबोधित किया. मौके पर रालोसपा के प्रखंड अध्यक्ष अमरेंद्र पाण्डेय, संजीव कुमार मिश्र, मुखिया माधो राम मधु, महादेव दास, समेत अन्य मौजूद थे.
